पटना में युवक की मौत पर भड़की भीड़, बस समेत कई वाहन फूंके, पत्रकारों पर भी किया हमला

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। घटना अगमकुआं थाना क्षेत्र के पटना सिटी इलाके की बताई जा रही है। युवक की मौत से नाराज भीड़ ने उस बस को आग के हवाले कर दिया, जिसकी चपेट में आने से उसकी जान गई थी। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई।

बस के साथ तीन जीप और कई बाइक भी फूंकीं

युवक की मौत के बाद बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हो गए। देखते ही देखते भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने तीन जीपों को भी आग लगा दी। कई बाइक को भी जला दिया गया। इससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर वाहनों के जलने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

पुलिस को खदेड़ा, कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों पर हमला

हालात संभालने पहुंची पुलिस को भीड़ के विरोध का सामना करना पड़ा। उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों को खदेड़ दिया। स्थिति बिगड़ने पर कुछ पुलिसकर्मी अपना पोस्ट छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर चले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद कई थानों की पुलिस को मौके पर भेजा गया।

घटना की कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ भी मारपीट और बदसलूकी की बात सामने आई है। एक चैनल के पत्रकार से उसकी माइक आईडी छीन ली गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हैं। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। हादसे के बाद हिंसा भड़कने से पुलिस-प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था संभालने की चुनौती खड़ी हो गई है।

Also Read: झारखंड परीक्षा धांधली के विरोध में 14वें दिन भी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में डटे छात्र, छात्र नेता बोले- कार्रवाई से डर रही सरकार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.