पटना में प्रदर्शनकारी शिक्षक अभ्यर्थियों पर पुलिस ने भांजी लाठियां, विज्ञापन की मांग को लेकर मचा बवाल

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना शुक्रवार को फिर पुलिस और छात्र प्रदर्शनकारियों के बीच संघर्ष का अखाड़ा बन गई। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) का विज्ञापन तत्काल जारी करने की मांग को लेकर राज्य भर से आए हजारों अभ्यर्थियों ने आज बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में पटना कॉलेज से शुरू हुआ यह मार्च जैसे ही जेपी गोलंबर पहुंचा, स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करने के इरादे से आगे बढ़ रहे थे। पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को जैसे ही छात्रों ने तोड़ने की कोशिश की, पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर प्रदर्शनकारियों को पीटा, जिसमें दर्जनों छात्र और छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।

भारी पुलिस बल तैनात, अपनी मांग पर अड़े अभ्यर्थी

लाठीचार्ज और कड़ाके की सख्ती के बावजूद, हजारों की संख्या में अभ्यर्थी अभी भी जेपी गोलंबर और गांधी मैदान के आसपास डटे हुए हैं। पटना कॉलेज से सुबह 11 बजे शुरू हुआ यह मार्च गांधी चौक, मुसल्लहपुर हाट, भिखना पहाड़ी और नया टोला होते हुए गुजरा। वर्तमान में करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस और भारी संख्या में सुरक्षा बल मौके पर तैनात हैं। कई छात्रों को हिरासत में लिया गया है, लेकिन अभ्यर्थी विज्ञापन जारी होने तक पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

Also Read: अमेरिकी डिस्ट्रॉयर्स पर ईरानी हमला नाकाम, ट्रंप ने दी कड़ी चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.