अमेरिकी डिस्ट्रॉयर्स पर ईरानी हमला नाकाम, ट्रंप ने दी कड़ी चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: होर्मुज स्ट्रेट एक बार फिर युद्ध के मैदान में तब्दील हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की है कि ईरान ने समुद्र में अमेरिकी नेवी के तीन वर्ल्ड क्लास डिस्ट्रॉयर्स को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन अमेरिकी सेना ने इस हमले को पूरी तरह विफल कर दिया। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलें और भेजे गए ड्रोन हवा में ही नष्ट कर दिए गए, जबकि हमले के लिए आई ईरानी छोटी नावें समुद्र की गहराइयों में समा गईं।

ईरान की सैन्य क्षमता पर ट्रंप का प्रहार

राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व को पागल करार देते हुए कहा कि उनकी नौसेना अब लगभग खत्म हो चुकी है। उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने जल्द ही परमाणु समझौते (डील) पर हस्ताक्षर नहीं किए, तो भविष्य में उन्हें और भी हिंसक अंजाम भुगतने होंगे। ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी जहाज अब ‘वॉल ऑफ स्टील’ कहे जाने वाले नेवल ब्लॉकेड का हिस्सा बन गए हैं, जो ईरान के लिए एक अभेद्य दीवार की तरह है।

यूएई में भी अलर्ट जारी

इस सैन्य टकराव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भी हलचल बढ़ गई है। वहां की आपदा प्रबंधन अथॉरिटी ने सोशल मीडिया पर नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, यूएई का एयर डिफेंस सिस्टम संभावित मिसाइल खतरों का मुकाबला करने के लिए हाई अलर्ट पर है। यूएस सेंट्रल कमांड ने स्पष्ट किया है कि अमेरिकी कार्रवाई उन ठिकानों के खिलाफ थी जो बिना किसी उकसावे के अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में जहाजों को निशाना बना रहे थे।

Also Read: ‘हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें…’, स्टालिन की तस्वीर साझा कर अखिलेश यादव का कांग्रेस पर तंज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.