3 बार टली, लेकिन अब फाइनल हुई यश की ‘टॉक्सिक’ रिलीज डेट, सामने आया डबल लुक

Yash Toxic Release Date: दक्षिण भारतीय सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स’ का इंतजार कर रहे फैंस के लिए आखिरकार बड़ी खबर सामने आ गई है। लंबे समय से फिल्म की रिलीज डेट को लेकर चल रही चर्चाओं और संशय के बीच अब मेकर्स ने आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह फिल्म अब 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि फिल्म को ऑनम के अवसर पर दर्शकों के बीच लाया जाएगा।

फिल्म की रिलीज डेट के साथ-साथ मेकर्स ने यश के दो अलग-अलग अवतारों वाले नए पोस्टर भी जारी किए हैं। इनमें एक किरदार ‘राया’ का है, जबकि दूसरा ‘टिकट’ का बताया जा रहा है। इन नए लुक्स को देखकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।

फादर्स डे पर आया पोस्टर 

यश ने 21 जून को फादर्स डे के मौके पर नया पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “अपने पिता का सम्मान करो (Honour Thy Father)”। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

गौरतलब है कि ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट कई बार बदली जा चुकी है। शुरुआत में फिल्म को 10 अप्रैल 2025 को रिलीज किया जाना था। इसके बाद इसे 19 मार्च 2026 के लिए शिफ्ट किया गया। फिर मेकर्स ने नई तारीख 4 जून 2026 घोषित की थी। उस समय बताया गया था कि मिडल ईस्ट में चल रहे तनाव का असर फिल्म इंडस्ट्री के कामकाज पर पड़ रहा है, इसलिए रिलीज आगे बढ़ाई गई। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि 19 मार्च को संभावित फिल्मी टकराव से बचने के लिए भी तारीख बदली गई थी।

800 करोड़ से ज्यादा बजट 

बताया जा रहा है कि ‘टॉक्सिक’ का बजट लगभग 800 से 850 करोड़ रुपये है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल हो सकती है। फिल्म में यश के अलावा कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, अक्षय ओबेरॉय, तारा सुतारिया, टोविनो थॉमस, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत और सुदेव नायर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। इसकी कहानी गीतू मोहनदास और यश ने मिलकर लिखी है। फिल्म को एक साथ कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है, जबकि इसे हिंदी, तेलुगू, तमिल और मलयालम में डब करके रिलीज किया जाएगा। यश इस फिल्म के सह-निर्माता भी हैं और उन्होंने इसे वेंकट के. नारायण के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। अब फैंस की नजरें 26 अगस्त 2026 पर टिकी हैं, जब यह बहुप्रतीक्षित फिल्म बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.