‘कुत्ते भौंकते हैं, लेकिन टाइगर शिकार करता है’, एकनाथ शिंदे का उद्धव गुट पर सबसे बड़ा हमला
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना स्थापना दिवस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने महायुति गठबंधन में किसी भी तरह की दरार की अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कुछ लोग लगातार उनके और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच गलतफहमियां पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी हर चाल नाकाम हो रही है।
अपने संबोधन में शिंदे ने कहा कि “कुत्ते भौंकते रहते हैं, लेकिन टाइगर शिकार करता है।” उनके इस बयान को उद्धव ठाकरे गुट के खिलाफ सीधा हमला माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि महायुति सरकार पूरी मजबूती के साथ काम कर रही है और उसका पूरा फोकस विकास पर है।
शिंदे ने दावा किया कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह सिर्फ अफवाहों और आरोपों की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ साजिश रचने वाले लोग खुद बाद में आकर सारी जानकारी दे देते हैं। ऐसे में महायुति को कमजोर करने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी।
‘जो देखा वो सिर्फ ट्रेलर था’
उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अब तक जो कुछ दिखाई दिया है, वह सिर्फ ट्रेलर है, पूरी तस्वीर अभी बाकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी और लाडकी बहिन योजना को बंद करने का कोई सवाल ही नहीं है।
उद्धव ठाकरे पर हमला बोलते हुए शिंदे ने कहा कि यदि बालासाहेब ठाकरे आज जीवित होते तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ करते। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 हटाने जैसे फैसले बालासाहेब के सपनों से जुड़े मुद्दे थे, जिन्हें मौजूदा नेतृत्व ने पूरा किया है।
शिंदे ने दावा किया कि जनता कई चुनावों में अपना फैसला सुना चुकी है और आने वाले समय में भी विकास के मुद्दे पर ही समर्थन मिलेगा। उनके इस भाषण को महाराष्ट्र की राजनीति में महायुति की एकजुटता और विपक्ष को जवाब देने के बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
Also Read: राम मंदिर दान विवाद को भुनाने में जुटी सपा, पोस्टर के जरिए सीएम योगी पर बोला तीखा हमला

