सांसद रवि किशन का फर्जी PSO गिरफ्तार, रायबरेली में SDM पर झाड़ रहा था रौब
Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले की डलमऊ तहसील में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक खुद को गोरखपुर सांसद और सुपरस्टार रवि किशन का पीएसओ (निजी सुरक्षा अधिकारी) बताकर एसडीएम पर दबाव बनाने लगा। आरोपी अनैतिक काम करवाने की जिद पर अड़ा था, लेकिन एसडीएम की सतर्कता ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
वाकया डलमऊ तहसील का है, जहां एसडीएम सत्येंद्र सिंह अपने दफ्तर में फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी बीच लालगंज के मधुकरपुर गांव का रहने वाला सूरज सिंह दफ्तर में दाखिल हुआ। उसने आते ही वीआईपी अंदाज में अपना काम करने के लिए एसडीएम पर धौंस जमाना शुरू कर दिया। जब एसडीएम ने उसका परिचय पूछा, तो उसने बड़े गर्व से कहा कि वह सांसद रवि किशन का पीएसओ है।
रवि किशन ने कहा- मैं नहीं जानता
एसडीएम को युवक की बातों और उसके आईकार्ड पर कुछ शक हुआ। उन्होंने युवक को सम्मान के साथ कुर्सी पर बैठाया और उसका आईकार्ड लिया। कार्ड देखते ही उन्हें गड़बड़ी का अहसास हो गया। एसडीएम दूसरे कमरे में गए और सीधे सांसद रवि किशन से संपर्क किया। सांसद ने साफ तौर पर कहा कि वे सूरज सिंह नाम के किसी व्यक्ति को नहीं जानते और न ही वह उनका सुरक्षाकर्मी है।
गिरफ्तारी के समय मांगने लगा माफी
सच्चाई सामने आते ही एसडीएम ने तुरंत पुलिस बुला ली। जैसे ही पुलिस दफ्तर पहुंची, सूरज सिंह का सारा वीआईपी भूत उतर गया। जो युवक कुछ देर पहले रौब झाड़ रहा था, वह हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा और माफी मांगने लगा। हालांकि, एसडीएम सत्येंद्र सिंह ने कोई रियायत नहीं बरती और उसे जेल भेजने का आदेश दिया।
Also Read: Lucknow News: पाक्सो एक्ट का वारंटी अभियुक्त ‘लकी राज’ गिरफ्तार, पुलिस ने घर से दबोचा

