अवॉर्ड शो विवाद पर राजपाल यादव ने तोड़ी चुप्पी, जाकिर खान और सौरभ द्विवेदी का किया बचाव

Sandesh Wahak Digital Desk: पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा था, जिसमें दावा किया गया कि एक अवॉर्ड शो के दौरान मशहूर कॉमेडियन जाकिर खान और पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने अभिनेता राजपाल यादव का अपमान किया। इस वीडियो को लेकर फैंस काफी नाराज़ थे और होस्ट्स को जमकर ट्रोल किया जा रहा था। अब खुद राजपाल यादव ने सामने आकर इस पूरे विवाद की सच्चाई बताई है।

वह सिर्फ एक मजाक था, अपमान नहीं

राजपाल यादव ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए साफ किया कि जो कुछ भी मंच पर हुआ, वह पहले से तय एक ‘एक्ट’ का हिस्सा था। उन्होंने कहा, मैं खुशनसीब था कि मुझे स्क्रीन अवॉर्ड्स में जाने और पूरी इंडस्ट्री से मिलने का मौका मिला। वहां जो कुछ भी हुआ, उसका मकसद सिर्फ लोगों का मनोरंजन करना था। मंच पर जो एक्ट किया गया, उसमें मैं खुद शामिल था।

राजपाल ने बताया कि उस स्किट (नाटक) के पीछे एक गहरा संदेश था। उन्होंने कहा कि आज दुनिया भर में युद्ध और आर्थिक मंदी जैसे जो हालात हैं, उसका आम आदमी पर क्या असर पड़ता है, उसे ही वे हंसी-मजाक के जरिए दिखाना चाहते थे। राजपाल के मुताबिक, कई बार स्टेज पर किया गया नाटक दर्शकों तक सही तरीके से नहीं पहुंच पाता और लोग उसे हकीकत समझ लेते हैं, यहाँ भी वही गलतफहमी हुई।

जाकिर और सौरभ के लिए जताया प्यार

अपने प्रशंसकों से अपील करते हुए राजपाल यादव ने जाकिर खान और सौरभ द्विवेदी का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा, सौरभ और जाकिर मेरे छोटे भाइयों जैसे हैं। उन्होंने हमेशा मेरा सम्मान किया है और उस रात भी पूरे ऑडिटोरियम को मेरे लिए खड़े होकर तालियां बजाने के लिए प्रेरित किया। मैं इन दोनों को दिल से मानता हूं। इनके खिलाफ कुछ भी गलत सुनना मुझे अच्छा नहीं लगता। कृपया सच्चाई जाने बिना किसी भी कलाकार को ट्रोल न करें।

Also Read: श्रीनगर पुलिस ने लश्कर के ‘इंटरस्टेट मॉड्यूल’ का किया भंडाफोड़, 2 पाकिस्तानी आतंकियों समेत 5 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.