यह चोरी नहीं, सुनियोजित लूट, रामलला मंदिर चढ़ावा मामले पर विधानसभा में कांग्रेस का हमला

UP Assembly: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितता का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने इस मामले पर सदन में चर्चा कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे से बचने की कोशिश कर रही है।

यह सिर्फ चोरी नहीं, आस्था से जुड़ा मामला

आराधना मिश्रा ने कहा कि रामलला मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी सामान्य चोरी नहीं, बल्कि सुनियोजित लूट और डकैती जैसा गंभीर मामला है। उनका कहना था कि देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण और चढ़ावे में अपनी श्रद्धा से योगदान दिया है। ऐसे में इस तरह की कथित अनियमितता लोगों की आस्था के साथ विश्वासघात है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट में भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े लोगों को जिम्मेदारी दी गई थी। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज में कथित चोरी की घटनाएं सामने आईं और कुछ फुटेज हटाए जाने के भी आरोप हैं।

सरकार पर लगाए कई आरोप

कांग्रेस नेता ने कहा कि विपक्ष की महिला विधायकों के साथ मार्शलों द्वारा धक्का-मुक्की की गई और सरकार इस मुद्दे पर चर्चा से बचती रही। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने इस मामले में सरकार के सामने पांच मांगें रखी हैं। साथ ही आरोप लगाया कि नियमों में बदलाव कर कोष की निगरानी व्यवस्था कमजोर की गई, जिससे कथित अनियमितताओं को संरक्षण मिला। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Also Read: बदल गए Birth Registration के नियम, 2 साल की देरी पर जाना पड़ेगा कोर्ट, संसद से कानून पास 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.