UP के होटलों की रसोई में चूहे-कॉकरोच, साथ रखा वेज-नॉनवेज, 24 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
UP Food Safety Raid: उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की जांच में कई चौंकाने वाली कमियां सामने आई हैं। छह जिलों में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान कहीं किचन में कॉकरोच और चूहे मिले तो कहीं वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को एक ही बर्तन या फ्रीजर में रखा गया था। कई जगह एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री भी मिली।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने कानपुर नगर, प्रयागराज, अयोध्या, बरेली, गोरखपुर और मुरादाबाद में कुल 317 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्टोरेज, किचन और प्रोसेसिंग एरिया, जल निकासी, कीड़े-मकौड़ों और चूहों की मौजूदगी के साथ शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने की व्यवस्था की जांच की गई।
जांच में गंभीर कमियां मिलने के बाद 24 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबन और अन्य कानूनी कार्रवाई की संस्तुति की गई, जबकि 174 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया।
कानपुर से मुरादाबाद तक कार्रवाई
कानपुर नगर में काके की हट्टी रेस्टोरेंट, एम-एस आनंद सैफ्रान होटल, द डाइनिंग हाउस, रेवंत हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड-लिटिल शेफ और एम-एस अल समीम फूड कोर्ट का कारोबार बंद कराया गया। यहां स्वच्छता व्यवस्था में गंभीर खामियां मिलीं।
प्रयागराज में अर्बन रेजीडेंसी होटल, शंभूनाथ होटल एंड बैंक्वेट और त्रिवेणी एलायंस त्रिवेणी ग्रैंड पर कार्रवाई की गई। वहीं गोरखपुर में रेडिसन होटल, रामकृष्ण होटल, द ब्रायन फ्लेवर्स इन रेस्टोरेंट, चंदन स्वीट हाउस और दुलारवा रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित किया गया।
अयोध्या में एक्सपायर्ड सामान, बरेली में मिले चूहे
अयोध्या में जांच के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और चूहों के प्रकोप जैसी कमियां सामने आईं। तिरुपति रेस्टोरेंट, बिरला धर्मशाला, अल हिंद रेस्टोरेंट, आई एम ओके रेस्टोरेंट, द अरोमा रेस्टोरेंट, डालमिया सैफ्रान होटल समेत कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई।
बरेली में कृष्णा भोजनालय और रमाडा होटल में कॉकरोच और चूहे मिलने के बाद लाइसेंस निलंबित किया गया। मुरादाबाद में फ्रीजर में वेज और नॉनवेज सामग्री साथ रखी मिली। यहां होटल लावना एनजीआर, टी प्वाइंट, टाइम 24 और मोती महल डीलक्स होटल समेत अन्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई हुई।
Also Read: Bareilly News: 40 साल से पुलिस को चकमा दे रहा भगोड़ा अजीज सुल्तानपुर से गिरफ्तार

