ओपी राजभर से मिलीं रोहिणी घावरी, चंद्रशेखर आजाद पर साधा निशाना
Lucknow News: नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ गंभीर आरोप लगाकर चर्चा में आईं रोहिणी घावरी स्विट्जरलैंड में छह साल का समय बिताने के बाद भारत वापस लौट आई हैं। स्वदेश वापसी के बाद से ही वह लगातार दिल्ली और पश्चिमी यूपी में कार्यक्रमों के जरिए सक्रियता बढ़ा रही हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को लखनऊ पहुंचीं रोहिणी ने उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के सरकारी आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की।
राजभर के जन्मदिन पर पहुंचीं रोहिणी
15 सितंबर को कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर का जन्मदिन था। इस खास मौके पर रोहिणी घावरी उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचीं। इस दौरान करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पाल सिंह अम्मू भी उनके साथ मौजूद थे। मुलाकात के दौरान रोहिणी ने आरक्षण में वर्गीकरण का मुद्दा उठाया। उल्लेखनीय है कि ओपी राजभर भी लगातार अपनी जनसभाओं में पिछड़ों और वंचितों के लिए आरक्षण में वर्गीकरण की मांग जोर-शोर से उठाते रहे हैं। राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को दलित और पिछड़ा वर्ग की राजनीति में बनने वाले नए समीकरणों के रूप में देख रहे हैं।
चंद्रशेखर सर्वसमाज के नहीं, सिर्फ एक वर्ग के नेता
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए रोहिणी ने कहा कि वंचित तबके, खासकर वाल्मीकि समाज को दरकिनार करके कोई भी राजनीतिक दल सत्ता का सुख नहीं भोग सकता। उन्होंने इशारा किया कि आने वाले दिनों में वह अन्य राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं से भी संवाद कायम करेंगी। सांसद चंद्रशेखर आजाद पर तीखा हमला बोलते हुए रोहिणी ने कहा कि चंद्रशेखर केवल एक वर्ग विशेष के नेता बनकर रह गए हैं और उन्हें सर्वसमाज ने कभी स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि इसी वजह से चंद्रशेखर का उनसे जलन रखना स्वाभाविक है।
कानूनी लड़ाई का जताया भरोसा
लखनऊ से पहले रोहिणी ने दिल्ली और मेरठ में कई सामाजिक व राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। उन्होंने अपने साथ हुए कथित अन्याय का जिक्र करते हुए कहा कि पूरा देश उनकी सच्चाई देख चुका है। रोहिणी के मुताबिक, दलितों का मसीहा कहलाने वाला व्यक्ति कभी शोषणकारी नहीं हो सकता और चंद्रशेखर नेता बनने की योग्यता नहीं रखते। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस मामले को अदालत के जरिए अंजाम तक पहुंचाएंगी और फिलहाल कोर्ट की अगली तारीख का इंतजार कर रही हैं।
Also Read: Lucknow News: डायल-112 सिपाही पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, गर्भपात के लिए बनाया दबाव

