Saharanpur News: सो रहे मजदूरों के टेंट पर पलटा बजरी से भरा ट्रक, 3 की मौत, 2 की हालत नाजुक
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नागल क्षेत्र में आधी रात को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा पेश आया है। सीडकी-झबरेड़ा मार्ग पर स्थित काली नदी के निर्माणाधीन पुल पर बजरी से भरा एक अनियंत्रित ट्रक पास ही बने अस्थाई टेंट पर पलट गया। इस टेंट में पुल निर्माण का काम कर रहे मजदूर सो रहे थे। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही दबकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
चालक की बड़ी लापरवाही: वैकल्पिक मार्ग छोड़ निर्माणाधीन पुल पर चढ़ा ट्रक
ग्रामीणों के अनुसार, काली नदी के पुल पर पिछले डेढ़ महीने से निर्माण कार्य चल रहा है। वाहनों के आवागमन के लिए बगल से एक वैकल्पिक मार्ग (डायवर्जन) बनाया गया था। लेकिन रात के अंधेरे में ट्रक चालक ने लापरवाही बरतते हुए ट्रक को निर्माणाधीन पुल पर ही चढ़ा दिया। पुल अधूरा होने के कारण ट्रक संतुलन खो बैठा और सीधे नीचे बने मजदूरों के टेंट पर जा गिरा।
ट्रक पलटते ही उसमें लदी भारी-भरकम बजरी टेंट पर गिर गई, जिससे पांच मजदूर उसके नीचे दब गए। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही 15 मजदूर छुट्टी पर गांव गए थे। यदि वे भी टेंट में मौजूद होते, तो यह हादसा और भी भीषण हो सकता था।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, पुलिस ने निकाला बाहर
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद बजरी हटाकर दबे हुए पांचों मजदूरों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने असगर, इस्तखार और शौकीन (निवासी जाटोवाला, थाना मिर्जापुर) को मृत घोषित कर दिया। जबकि गुलफाम (निवासी जाटोवाला) और कर्मवीर (निवासी असगरपुर) का उपचार चल रहा है, उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सीओ देवबंद अभितेष सिंह ने बताया कि ट्रक खेड़ा मुगल क्षेत्र में बजरी सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

