Lucknow News: फीनिक्स मॉल के पास सब्जी मंडी में भीषण आग, सिलेंडर ब्लास्ट से दहला इलाका, 26 दुकानें खाक

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर स्थित फीनिक्स मॉल के बगल में स्थित बाराबिरवा सब्जी मंडी बृहस्पतिवार रात आग के तांडव का केंद्र बन गई। शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और 26 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान एक फास्ट फूड की दुकान में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। दमकल की 12 गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

शॉर्ट सर्किट ने मचाई तबाही, धमाके से दहल उठा इलाका

रात करीब 10 बजे जब मंडी बंद होने की तैयारी में थी, तभी राम गोपाल की फल की दुकान में शॉर्ट सर्किट से चिंगारी उठी। प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण लपटें तेजी से फैलीं। आग बुझाने के दौरान ही सायरा की फास्ट फूड दुकान में रखा सिलेंडर फट गया। इस धमाके की गूंज से पास का संभल खेड़ा गांव दहल उठा और लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए। धुएं के गुबार के कारण दमकलकर्मियों को वीआर (VR) सेट पहनकर अंदर घुसना पड़ा। क्रेन की मदद से दुकानों की टीन शेड तोड़ी गई तब जाकर आग पर पानी की बौछारें पहुंच सकीं।

अपनी आंखों के सामने खाक होती देख पूंजी, बेहोश हुए दुकानदार

हादसे का मंजर बेहद भावुक कर देने वाला था। देवी शंकर राजपूत जब अपने बेटे दुर्गेश के साथ मौके पर पहुंचे, तो अपनी कपड़े की दुकान को राख के ढेर में बदला देख फफक कर रो पड़े। सदमे के कारण दुर्गेश मौके पर ही बेहोश हो गया, जिसे पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

प्रभावित दुकानदार: राम गोपाल (फल), देवी शंकर व दुर्गेश (कपड़े), सायरा (फास्ट फूड), शिवम बाजपेयी (कपड़े), वीरेंद्र (किराना), सूरज तिवारी और विकास समेत 18 अन्य दुकानदारों की मेहनत की कमाई जलकर राख हो गई।

प्रशासनिक मुस्तैदी और घंटों का जाम

सूचना मिलते ही एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा, सीएफओ अंकुश मित्तल और एफएसओ धर्मपाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आग की भयावहता को देखते हुए कानपुर रोड से फीनिक्स मॉल जाने वाले रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया गया, जिससे शहर के इस व्यस्त हिस्से में लंबा जाम लग गया। सीएफओ के अनुसार, पहली नजर में आग का कारण शॉर्ट सर्किट लग रहा है, लेकिन पूरी तफ्तीश के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।

Also Read: लखनऊ में LDA का ‘बुलडोजर एक्शन’: गोमती नगर विस्तार में अवैध मैरिज लॉन ध्वस्त, गिराई गई अवैध इमारतें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.