संजय सिंह का योगी सरकार को अल्टीमेटम, बोले- या तो युवाओं को रोजगार दो या 10 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी और सामाजिक अन्याय के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) की ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा रविवार को तीसरे दिन हाथरस की सीमा में प्रवेश कर गई। राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में चल रही इस यात्रा को युवाओं, वकीलों और महिलाओं का भारी समर्थन मिल रहा है। सादाबाद के बिहारी जी फार्म हाउस पहुंचने तक संजय सिंह ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर तीखे हमले किए।

रोजगार व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त

पदयात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने आंकड़ों के जरिए सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने दावा किया कि 2025-26 में 100 दिन का रोजगार पाने वाले परिवारों की संख्या 6.15 लाख से घटकर मात्र 2.21 लाख रह गई है। यह 65% की गिरावट सरकार की विफलता का प्रमाण है।

संजय सिंह ने कहा 94 लाख आवेदनों के सापेक्ष मात्र 58 हजार नौकरियां देना ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। उन्होंने 2026 की पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती में टेलीग्राम पर पेपर बिकने के आरोपों और 2025 की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती रद्द होने का जिक्र करते हुए युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

सामाजिक न्याय और अपराध पर प्रहार

संजय सिंह ने हाथरस से लेकर बाराबंकी तक हुई आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हाथरस कांड (2020), सहपऊ में दलित विधवा से दुष्कर्म, और बाराबंकी व कानपुर की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलितों और महिलाओं पर अत्याचार चरम पर है। “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को समझना चाहिए कि वह 25 करोड़ नागरिकों के मुख्यमंत्री हैं, किसी विशेष जाति या धर्म के नहीं।”

असली मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि काला धन, गिरता रुपया और गैस संकट जैसे मुद्दों के बजाय सरकार नफरत फैलाने में लगी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा “सरकार कहती है असली मुद्दे भूलकर ‘केरला फाइल्स’ देखो, जबकि हम कहते हैं कि देश की सच्चाई जाननी है तो ‘एप्स्टीन फाइल्स’ देखो। अनपढ़ राजा को आपके बच्चों की पढ़ाई और अस्पतालों की बदहाली से कोई लेना-देना नहीं है।”

पदयात्रा का मार्ग और स्वागत

आगरा के खंदौली से शुरू हुई यह यात्रा सादाबाद स्थित राधा कृष्ण मैरिज हॉल से होते हुए बिहारी जी फार्म हाउस पहुंची। रास्ते भर शिक्षामित्रों, आशा बहुओं और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने संजय सिंह को रोककर अपनी व्यथा सुनाई।

Also Read: ‘UGC कानून पर रोक के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार’, सिराथू विधायक पल्लवी पटेल का बड़ा हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.