Siddharthnagar News: 25 हजार का इनामी और 7 माह से फरार ‘कातिल’ गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान में थाना उसका बाजार पुलिस और जनपदीय एंटी थेफ्ट टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) के मामले में पिछले 7 महीनों से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

7 माह से चल रहा था लुका-छिपी का खेल

गिरफ्तार अभियुक्त विजय कुमार (पुत्र रामदेव, निवासी अमारी, थाना चिल्हिया) के खिलाफ थाना उसका बाजार में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 351(3) और 109(1) के तहत गंभीर मुकदमा पंजीकृत था।

गिरफ्तारी से बचने के लिए विजय कुमार लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस की कई दबिशों के बावजूद वह चकमा देने में सफल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए माननीय न्यायालय ने उसके विरुद्ध वारंट जारी किया था, वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने उसकी गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया था।

वैज्ञानिक संसाधनों से टूटी ‘घेराबंदी’

सीओ सदर विश्वजीत शौर्यान (IPS) ने संदेश वाहक को विशेष जानकारी देते हुए बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में एक संयुक्त टीम गठित की गई थी। प्रभारी निरीक्षक हरेकृष्ण उपाध्याय और एंटी थेफ्ट टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और वैज्ञानिक संसाधनों का सटीक प्रयोग करते हुए अभियुक्त की लोकेशन ट्रैक की और उसे धर दबोचा। विजय कुमार की गिरफ्तारी सिद्धार्थनगर पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, क्योंकि वह लंबे समय से जिले की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: UP Weather Update: कानपुर में तबाही के बाद लखनऊ में आंधी का तांडव, मौसम विभाग का ‘ऑरेंज अलर्ट’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.