परिवार की इज्जत’ बचाने के लिए सिया ने ली मंगेतर की जान? Ketan Murder Case में बड़ा खुलासा

Ketan Murder Case: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब पुलिस पूछताछ में आरोपी चेतन चौधरी ने जो दावा किया है, उसने पूरे मामले को और सनसनीखेज बना दिया है। चेतन के मुताबिक, सिया गोयल अपने मंगेतर केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी, लेकिन वह सगाई तोड़ने या उसके साथ भागने के लिए भी तैयार नहीं थी। इसकी वजह परिवार की बदनामी का डर बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, इसी डर ने कथित तौर पर एक ऐसी साजिश को जन्म दिया, जिसने 24 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल की जान ले ली।

18 जून को केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गए थे। अगले दिन सिया का जन्मदिन था और परिवार ने उसके लिए विशेष आयोजन भी किया था। शुरुआती जांच में मामला हादसे का माना गया, क्योंकि सिया ने पुलिस को बताया था कि फोटो खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गया।

हालांकि, जांच आगे बढ़ी तो कई ऐसे तथ्य सामने आए जिन्होंने पुलिस का शक बढ़ा दिया। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने मामले की गहराई से पड़ताल शुरू की।

प्रेम संबंधों ने बदली जांच की दिशा

Ketan Murder Case की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सिया गोयल का पुणे निवासी चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस का दावा है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे अपने रिश्ते के बीच सबसे बड़ी बाधा मानती थी।

इसी दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसने तेज गर्मी के बावजूद हुडी पहन रखी थी। जांच का दायरा बढ़ा तो वह युवक चेतन निकला, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

‘भागने से परिवार बदनाम हो जाता’

पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में जब चेतन से पूछा गया कि वह और सिया साथ भाग क्यों नहीं गए, तो उसने बताया कि सिया इसके लिए तैयार नहीं थी। उसे डर था कि सगाई तोड़ने या घर से भागने पर परिवार की बदनामी होगी।

बताया जा रहा है कि इसी वजह से दोनों ने कथित तौर पर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस का दावा है कि सिया बहाने से केतन को लोहागढ़ किले तक लेकर गई और वहां चेतन भी पहुंच गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

17 करोड़ की शादी की तैयारी, लेकिन दिल कहीं और

केतन और सिया की शादी नवंबर में तय थी। दोनों परिवारों ने शादी की तैयारियां शुरू कर दी थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान में करीब 17 करोड़ रुपये में एक महल बुक किया गया था और मेहमानों के लिए निजी विमानों की भी व्यवस्था की जा रही थी।

परिवार को इस रिश्ते से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन शादी से कुछ महीने पहले ही यह रिश्ता एक खौफनाक हत्याकांड में बदल गया।

Ketan Murder Case में नया मोड़ तब आया जब चेतन चौधरी के पिता बाबूलाल चौधरी ने अपने बेटे को निर्दोष बताया। उनका कहना है कि घटना के समय चेतन सिया और केतन से काफी दूर था और उसे झूठा फंसाया जा रहा है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें सिया और चेतन के बीच किसी प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Also Read: कैसे मंगेतर सिया ने बॉयफ्रेंड संग रची साजिश, जानिए Ketan Agrawal murder Case की पूरी टाइमलाइन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.