Siddharthnagar News: ताबड़तोड़ चोरियों से कांपा सोहास, अवैध खनन और मारपीट पर भी सोती रही पुलिस

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद अंतर्गत उसका बाजार थाना क्षेत्र की सोहास पुलिस चौकी इन दिनों सुर्खियों में है। वजह है कानून व्यवस्था का पूरी तरह चरमरा जाना। महज एक सप्ताह के भीतर सोहास और उसके आसपास के गांवों में आधा दर्जन से अधिक चोरी और लूट की वारदातों ने ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ा दी है। क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि दो उपनिरीक्षकों और आधा दर्जन सिपाहियों से लैस सोहास चौकी पुलिस पूरी तरह निष्क्रिय बनी हुई है।

इतना ही नहीं, पुलिस की नाक के नीचे गेनेरा में अवैध बालू और श्रीरामपुर-सोहास डिहवा के पास कूड़ा नदी के तट पर धड़ल्ले से मिट्टी का अवैध खनन जारी है, जिससे पुलिसिया कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

हफ्तेभर में ताबड़तोड़ चोरियों से कांपा सोहास, अवैध खनन और मारपीट पर भी सोती रही पुलिस

स्कूल से लेकर घरों तक को बनाया निशाना

इलाके में पिछले कुछ दिनों के भीतर हुई सिलसिलेवार वारदातें पुलिस की गश्त के दावों की पोल खोलती हैं। 7 जून, 2026 को दोपहर करीब 1 बजे सोहास बाजार मुख्य चौराहे पर स्थित शिव जायसवाल की चाय की दुकान से चोरों ने सिलेंडर पार कर दिया।

बड़की ऊँचहरिया स्कूल पर धावा: बीते मंगलवार की रात चोरों ने प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर मध्याह्न भोजन (MDM) का सिलेंडर चुरा लिया। स्थानीय थाने में इसकी तहरीर दी गई है।

सोहास दरमियानी स्कूल में चोरी: बीते शनिवार को चोरों ने प्राथमिक विद्यालय के ताला तोड़कर वहां रखा राशन (गेहूं, चावल) और गैस सिलेंडर साफ कर दिया।

अमवा गांव में दो घरों में सेंध (लाखों की चोरी): अमवा निवासी लवकुश लोधी के घर से चोरों ने 20 हजार नगद और करीब 70 हजार रुपये मूल्य के जेवरात उड़ा दिए। चोर बक्सा लेकर फरार हो गए, जो सुबह 500 मीटर दूर एक खेत में खाली पड़ा मिला।

हफ्तेभर में ताबड़तोड़ चोरियों से कांपा सोहास, अवैध खनन और मारपीट पर भी सोती रही पुलिस

नामजद तहरीर के बाद भी पुलिस मौन

अमवा गांव में ही सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। गांव की बुजुर्ग महिला जुगनू (पत्नी पुल्लू लोधी) ने संदेश वाहक न्यूज को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि बदमाशों ने वारदात से पहले घर की बिजली का केबल काट दिया ताकि अंधेरा हो जाए। इसके बाद घर में घुसकर बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की और गले पर चाकू रखकर कान-नाक के जेवर व 15 हजार रुपये नगद झपट लिए। जाते-जाते बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता के मुताबिक, उसने अपने ही गांव के दो दबंगों लाटू (पुत्र फरई) और चिघरा (पुत्र परमेश्वर) को पहचान लिया है और उनके खिलाफ नामजद तहरीर दी है, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।

हफ्तेभर में ताबड़तोड़ चोरियों से कांपा सोहास, अवैध खनन और मारपीट पर भी सोती रही पुलिस

चौकी से 100 मीटर दूर खूनी संघर्ष

ग्रामीणों का गुस्सा सिर्फ चोरियों को लेकर नहीं, बल्कि पुलिस की संवेदनहीनता को लेकर भी है। बीते 3 जून को सोहास चौराहे पर हरिश्चंद्र साहनी की दुकान के पास साप्ताहिक बाजार के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट और खूनी संघर्ष हुआ। हैरान करने वाली बात यह है कि घटना स्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर पुलिस चौकी स्थित है। राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि समय रहते सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। अगर पुलिस तत्परता दिखाती तो इस बड़ी वारदात को रोका जा सकता था। क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है कि सोहास पुलिस आखिर किसके संरक्षण में इतनी लापरवाह बनी हुई है।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: लखनऊ से दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, टेकऑफ से ठीक पहले रोका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.