गाजीपुर में सपा के प्रतिनिधिमंडल पर पथराव, पूर्व मंत्री समेत कई घायल, भारी तनाव के बीच पीएसी तैनात

Ghazipur News: गाजीपुर जनपद के करंडा थाना क्षेत्र के कटारिया गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मृतका निशा विश्वकर्मा के परिजनों से मिलने पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल और स्थानीय ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुए भीषण पथराव में पूर्व मंत्री रामाश्रय विश्वकर्मा और कई सपा कार्यकर्ता लहूलुहान हो गए। स्थिति को संभालने पहुंची पुलिस टीम को भी चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को निशा विश्वकर्मा का शव गंगा नदी में मिला था। पुलिस ने एक आरोपी को जेल भेज दिया है, लेकिन ग्रामीण और विपक्षी दल इसे अलग-अलग दृष्टिकोण से देख रहे हैं। सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, विधायक जैकिशन साहू और पूर्व मंत्री रामाश्रय विश्वकर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता गांव पहुंचे थे। सपा इसे कानून-व्यवस्था का मुद्दा बना रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संवेदनशील मामले पर राजनीति न की जाए। उन्होंने मांग की कि केवल मुख्य नेता ही पीड़ित परिवार से मिलें, न कि सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भीड़ गांव में घुसे। इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई जो देखते ही देखते पथराव में बदल गई।

हिंसा में पूर्व मंत्री और पुलिसकर्मी घायल

विवाद इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से पत्थर चलने लगे। पूर्व मंत्री रामाश्रय विश्वकर्मा समेत कई सपा नेताओं को सिर और शरीर पर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जब स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, तो वे भी पथराव की चपेट में आ गए और कई जवान चोटिल हुए।

निशा विश्वकर्मा की मौत को लेकर गाजीपुर में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। मंगलवार को भाजपा एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया था। उन्होंने कहा था कि योगी सरकार में अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे। सोमवार को सपा ने सरजू पांडेय पार्क में प्रदर्शन कर डीएम और एसपी को ज्ञापन सौंपा था। फिलहाल मौके पर सीओ सिटी शेखर सेंगर और भारी पुलिस बल मौजूद है। गांव में पीएसी और कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस पथराव करने वाले उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है।

Also Read: UP News: इन कर्मचारियों को अब मिलेगा 7वें वेतनमान का लाभ, सीएम योगी ने लगाई मुहर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.