बरेली पुलिस की तत्परता से छात्र को वापस मिली फीस, ऑनलाइन ट्रांसफर में गलत खाते में चले गए थे 20 हजार रुपये
Bareilly News: उत्तर प्रदेश की बरेली पुलिस ने तत्परता और सतर्कता की मिसाल पेश करते हुए एक बड़ी गड़बड़ी को ठीक कराया है। दरअसल, आंध्र प्रदेश के रहने वाले श्री सिद्धार्थ के चाचा अपने बेटे (जो बीटेक की पढ़ाई कर रहा है) के महीने के खर्च के लिए 20,000 ऑनलाइन भेज रहे थे। इस दौरान खाते का एक डिजिट (अंक) गलत टाइप हो जाने के कारण यह पूरी रकम आंध्र प्रदेश की जगह बरेली के किसी अनजान व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गई।
UP पुलिस की वेबसाइट से निकाला अफसर का नंबर
रकम ट्रांसफर होने के बाद जब उस अनजान व्यक्ति से संपर्क किया गया, तो उसने पैसे मिलने की बात से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित सिद्धार्थ ने हार न मानते हुए ‘Truecaller’ ऐप के जरिए उस संदिग्ध मोबाइल नंबर की लोकेशन सर्च की, जिससे पता चला कि नंबर बरेली से जुड़ा हुआ है। इसके बाद उन्होंने तुरंत यूपी पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय (बरेली) का सीयूजी नंबर निकाला और फोन पर पूरी आपबीती सुनाई।
जांच में सही पाई गई शिकायत
शिकायत मिलते ही बरेली पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। प्राप्त मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण कर संबंधित व्यक्ति का लोकेशन और पता ट्रेस किया गया। इसके बाद चौकी प्रभारी मलूकपुर ने उक्त व्यक्ति को बुलाकर मामले की गहनता से पूछताछ और बैंक डिटेल्स की जांच की। जांच में पाया गया कि शिकायतकर्ता का दावा पूरी तरह सच्चा था और पैसे सचमुच गलत खाते में आए थे।
मामले की पुष्टि होते ही बरेली पुलिस ने तुरंत विधिक व प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करवाई और आवेदक के 20,000 रुपये की पूरी धनराशि सुरक्षित उनके खाते में वापस करवा दी। अपनी मेहनत की कमाई और पढ़ाई का खर्च सही-सलामत वापस मिलने पर आंध्र प्रदेश के पीड़ित परिवार ने बरेली पुलिस और यूपी पुलिस की इस त्वरित व सराहनीय कार्रवाई की दिल से तारीफ की है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: लखनऊ में बारिश की फुहारों ने तोड़ा रिकॉर्ड, कॉलोनियों में पानी भरने से जनजीवन बेहाल

