KGMU में नर्सिंग छात्रा की मौत पर फूटा छात्रों का गुस्सा, डीन को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन

Lucknow News: लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) में बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष की छात्रा की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। साथी छात्रा की मौत से आक्रोशित विद्यार्थियों ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन प्रशासनिक भवन के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। 15 घंटे से अधिक चले विरोध प्रदर्शन के दबाव में प्रिंसिपल सूचना राय भौमिक अपना त्यागपत्र दे चुकी हैं, लेकिन छात्र इतने पर शांत नहीं हैं और अब डीन के इस्तीफे पर अड़े हैं।

छुट्टी न मिलने और हॉस्टल में अव्यवस्थाओं का आरोप

आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि दिव्यांशी की तबीयत गंभीर रूप से खराब होने के बावजूद कॉलेज प्रशासन द्वारा उसे अवकाश नहीं दिया गया। इसके अलावा, छात्रों ने हॉस्टल में बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पूर्व में की गई शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया गया। इसी लापरवाही के विरोध में विद्यार्थियों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

डेंगू की पुष्टि और इलाज के दौरान हुई दुखद मौत

मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली दिव्यांशी को 11 सितंबर को बुखार आने पर केजीएमयू की ओपीडी में भर्ती कराया गया था। सहपाठियों के अनुसार, जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। 17 सितंबर को स्थिति बिगड़ने पर परिजन उसे वाराणसी ले गए, जहाँ 19 सितंबर को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस खबर के मिलते ही सहपाठियों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर धरना शुरू कर दिया।

मामले की जांच के बाद होगी कार्रवाई

घटना पर केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच रिपोर्ट्स सामान्य आई थीं, फिर भी पूरे मामले की विस्तृत निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक वैधानिक और प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे।

Also Read: कानपुर में व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या, सड़क पर पड़ा मिला धड़, 12 फीट दूर गड्ढे में पड़ा था सिर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.