Lucknow News: सेना की गोमती टास्क फोर्स ने योग संग दिया नदी संरक्षण का संदेश

Lucknow News: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के विशेष अवसर पर 137 कम्पोजिट इकोलॉजिकल टास्क फोर्स बटालियन (प्रादेशिक सेना) 39 गोरखा राइफल्स की गोमती टास्क फोर्स ने कुदिया घाट पर आयोजित 10 दिवसीय रिवर योग 2026 अभियान का भव्य और सफल समापन किया। यह अनूठा अभियान लखनऊ नगर निगम और बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के विशेष सहयोग से संचालित किया जा रहा था।

साल 2025 में आयोजित 60 दिवसीय रिवर योग अभियान की ऐतिहासिक सफलता को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष का अभियान स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग, स्वस्थ गोमती के लिए योग विषय (थीम) पर आधारित था। इस पहल का मुख्य उद्देश्य व्यक्तिगत स्वास्थ्य और नदी पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) के गहरे अंतर्संबंध को रेखांकित करते हुए नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

सेहत और पर्यावरण चेतना का अनूठा संगम

10 दिनों तक चले इस अभियान के तहत प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। इनमें योगाभ्यास, प्राणायाम और ध्यान (मेडिटेशन) के साथ-साथ गोमती नदी के पुनर्जीवन, संरक्षण और सतत जीवनशैली पर संवादात्मक चर्चाएँ भी हुईं। समापन समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों से 400 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें स्थानीय निवासियों, वरिष्ठ नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों के साथ-साथ अमिकस अकादमी व बीबीएयू के प्रोफेसरों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

सेना की गोमती टास्क फोर्स ने योग संग दिया नदी संरक्षण का संदेश

सैन्य पेशेवरता और राष्ट्र निर्माण का उत्कृष्ट उदाहरण

यह अभियान स्वास्थ्य, पर्यावरणीय चेतना और सामुदायिक सहभागिता का एक बेहतरीन मंच बनकर उभरा है। रिवर योग 2026 ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लखनऊ के हजारों नागरिकों तक अपनी पहुँच बनाई। यह अभियान भारतीय सेना की नागरिक शक्ति के रूप में प्रादेशिक सेना (Territorial Army) की विशिष्ट भूमिका को दर्शाता है। गोमती टास्क फोर्स ने सैन्य पेशेवरता को सामुदायिक सेवा और प्रकृति संरक्षण के साथ जोड़कर यह साबित किया है कि सेना न केवल सीमाओं की रक्षा करती है, बल्कि देश के भीतर पर्यावरण सुधार और राष्ट्र निर्माण के सामूहिक प्रयासों को भी नया बल देती है।

Also Read: Jhansi News: योग भारत की विरासत, स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ राष्ट्र का आधार: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.