Prayagraj News: सपा नेता पवन यादव की हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार

Prayagraj News: प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के युवा नेता, जिला सचिव एवं पूर्व प्रधान पवन यादव की दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले तीन शातिर आरोपियों लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली को पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल के साथ ही दो अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद कर लिए हैं।

सपा नेता पवन यादव की हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार

आपसी रंजिश में गई सपा नेता की हत्या

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में मुख्य आरोपी लल्ला यादव ने कुबूल किया कि पवन यादव के साथ उसकी पुरानी व्यक्तिगत दुश्मनी चल रही थी, इसी का बदला लेने के लिए उसने हत्या की पूरी योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने 20,000 रुपये में दो तमंचे और कारतूस खरीदे थे। हत्या के समय निहाल बाइक चला रहा था, बृजेश बीच में बैठा था, जबकि सबसे पीछे बैठे लल्ला यादव ने ही सपा नेता पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं।

गौरतलब है कि मुंगराव गांव निवासी सपा नेता पवन यादव को मंगलवार शाम बाइक सवार हमलावरों ने उस वक्त गोली मार दी थी, जब वे किसी के बुलाने पर घर से बाहर निकले थे। घटना के तुरंत बाद परिजन और समर्थक उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मोर्चरी पर सपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुट गई थी। डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत की देखरेख में गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से इस पूरी वारदात का पर्दाफाश किया है।

Also Read: अमेरिकी संसद में कड़े प्रतिबंधों का बिल तैयार, भारत से आयात होने वाले सामान पर लग सकता है 100% टैरिफ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.