Meerut News: ANTF मेरठ की सूचना पर हरिद्वार में 3 तस्कर गिरफ्तार, 20 लाख का गांजा जब्त

Meerut News: एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) थाना मेरठ से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस और स्पेशल टीम ने हरिद्वार में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। टीम ने तीन सक्रिय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उनके पास से 32 किलोग्राम 106 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था), अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध) और पुलिस महानिरीक्षक (ANTF लखनऊ) के निर्देशन में यह संयुक्त कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान दिपेश (निवासी कनखल, हरिद्वार), रणजीत लाकडा (निवासी कनखल, हरिद्वार) और आदित्या राय (निवासी चम्पावत, उत्तराखंड) के रूप में हुई है।

छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने का था धंधा

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे। वे उड़ीसा से कम दामों में गांजा खरीदते थे और उसे हरिद्वार लाकर कनखल क्षेत्र की झुग्गी-झोपड़ियों में छिपाकर रख देते थे। इसके बाद गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों में स्थानीय क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। इससे मिलने वाले मुनाफे को आपस में बांटकर अपने महंगे शौक पूरे करते थे।

यह गिरफ्तारी 23 सितंबर 2026 को थाना कनखल (हरिद्वार) क्षेत्र में श्रीयंत्र पुल के आगे बैरागी कैंप मार्ग पर वन विभाग की चौकी के पास से की गई। अभियुक्तों के पास से गांजे के अलावा 2 ट्रॉली बैग, 1 कट्टा, 3 मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कनखल में मु.अ.सं. 364/2026 धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्ट- राजा शेख

Also Read: अगरकर की कुर्सी बदली तो गिल की टीम में भी होगा बदलाव? 2027 वर्ल्ड कप से पहले बड़ा सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.