राजनाथ सिंह से मिले LDA के नोटिस से सहमे लखनऊ के व्यापारी, मार्केट स्ट्रीट घोषित करने और राहत की लगाई गुहार

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के प्रमुख बाजारों में इन दिनों लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की कार्रवाई को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। गोमतीनगर और तेलीबाग जैसे इलाकों में सैकड़ों व्यापारियों को दशकों पुराने भवनों का नक्शा दिखाने और सीलिंग की कार्रवाई के नोटिस थमाए गए हैं। इस गंभीर संकट को देखते हुए उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने आज देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह से मुलाकात कर हस्तक्षेप की मांग की।

आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में एक 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राजनाथ सिंह के आवास पर मिला। व्यापारियों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि एलडीए उन भवनों का नक्शा मांग रहा है जो 15 से 50 साल पुराने हैं। संजय गुप्ता ने मजबूती से पक्ष रखते हुए कहा, जब ये भवन बन रहे थे, तब विभाग के अधिकारी सो रहे थे। उन्होंने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। आज जब व्यापारियों ने अपनी जमा-पूंजी लगाकर दुकानें खरीदीं और वहां से अपना पेट पाल रहे हैं, तब उन्हें सीलिंग का नोटिस देना सरासर अन्याय है।

मार्केट स्ट्रीट घोषित करने की उठी मांग

व्यापारियों ने सांसद के समक्ष मांग रखी कि जिन बाजारों में 90% से अधिक व्यावसायिक गतिविधियां हो रही हैं, उन्हें सरकार को खुद ‘मार्केट स्ट्रीट’ घोषित कर देना चाहिए। संगठन ने विशेष रूप से गोमती नगर (विवेक खंड और पत्रकारपुरम), तेलीबाग मार्केट, कपूरथला बाजार और सीतापुर रोड के बाजारों को जोनल और मास्टर प्लान में शामिल करने की अपील की। व्यापारियों का कहना है कि जिस तरह अवैध कॉलोनियों को नियमित किया जाता है, उसी तरह 15 साल से पुराने व्यावसायिक भवनों को भी एक नीति बनाकर नियमित किया जाना चाहिए।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने व्यापारियों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि वे इस मामले का संज्ञान लेंगे और संबंधित अधिकारियों से बात कर इसका उचित और न्यायपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। मुलाकात के दौरान गोमतीनगर विवेक खंड से हेमंत कुकरेजा, नितिन काकरिया, हर्ष अरोरा, गंगाराम रहेजा, ज्योति काकरिया और तेलीबाग से आलोक गोयल, राजेश चावला, चंद्रशेखर यादव, परमजीत सिंह व अमरजीत सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Also Read: साहित्य इंसान को अपनी रूह में झांकने का सलीका सिखाता है: प्रो. मुश्ताक अहमद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.