Lucknow News: UP ATS ने पकड़े पाकिस्तान के एजेंट, रेलवे और गैस सिलेंडरों को उड़ाने की थी साजिश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने देश के खिलाफ एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए चार ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारे पर भारत में तबाही मचाने की योजना बना रहे थे। यह गिरोह महत्वपूर्ण संस्थानों की रेकी करने, रेलवे सिग्नल बॉक्स को नष्ट करने और गैस सिलेंडरों से भरे ट्रकों में आग लगाकर ‘आर्थिक युद्ध’ छेड़ने की फिराक में था।
साकिब उर्फ ‘डेविल’ था मास्टरमाइंड
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सदस्य मेरठ का रहने वाला साकिब उर्फ डेविल है, जो पेशे से नाई है। साकिब टेलीग्राम, सिग्नल और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स और अफगानिस्तान के संदिग्ध नंबरों से जुड़ा था।

साकिब ने अपने गांव के अरबाब और गौतमबुद्धनगर के विकास गहलावत व लोकेश उर्फ पपला पंडित को पैसों के लालच में इस गिरोह में शामिल किया था। ये लोग ‘ओसामा बिन लादेन’ और ‘गजवा-ए-हिंद’ जैसे कट्टरपंथी ग्रुपों से प्रेरित थे। पाकिस्तानी हैंडलर इन्हें गूगल लोकेशन भेजता था, जिसके आधार पर ये गाजियाबाद, अलीगढ़ और लखनऊ में रेकी करते थे।
वीडियो भेजकर QR कोड से मंगाते थे पैसे
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपियों ने कुछ स्थानों पर छोटी आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन घटनाओं के वीडियो पाकिस्तानी हैंडलर को भेजे जाते थे, जिसके बदले में इन्हें QR कोड के माध्यम से पैसे मिलते थे। 2 अप्रैल को ये लोग लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास सिग्नल बॉक्स और अन्य संपत्तियों को आगजनी/विस्फोट से नुकसान पहुंचाने वाले थे, लेकिन एटीएस ने समय रहते इन्हें दबोच लिया।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
एटीएस ने इनके पास से ज्वलनशील पदार्थ की कैन, 7 स्मार्टफोन, 24 भड़काऊ पंपलेट और आधार कार्ड बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ लखनऊ एटीएस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और UAPA (विधि विरुद्ध क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
Also Read: लैंड जेहाद पर CM योगी का प्रहार, असम की डेमोग्राफी बदलने वालों को दी सीधी चेतावनी

