यूपी बीजेपी का 2027 प्लान, 20 ओबीसी, 6 दलित, 7 ब्राह्मण, नई टीम में 60% नए चेहरे

UP BJP News Team: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई संगठनात्मक टीम का ऐलान कर दिया है। लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को घोषित इस टीम को “चुनावी हैट्रिक” की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की नई टीम का आकार बढ़ाया गया है और अब इसमें कुल 48 पदाधिकारी शामिल होंगे। इस बार टीम में 60 फीसदी नए चेहरे शामिल किए गए हैं, जबकि 25 पुराने पदाधिकारियों को जगह नहीं मिली है।

सामाजिक समीकरण और महिलाओं की भागीदारी पर खास जोर

नई टीम में जातीय और सामाजिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। ओबीसी वर्ग को सबसे अधिक प्रतिनिधित्व मिला है, वहीं महिलाओं की संख्या 10 से बढ़ाकर 12 कर दी गई है। इसके अलावा 20 पिछड़े, 7 ब्राह्मण, 6 क्षत्रिय, 4 भूमिहार, 6 दलित, 2 वैश्य और 1 कायस्थ को स्थान दिया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह की जगह उनके दूसरे बेटे नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।

संगठनात्मक ढांचे में विस्तार, कई पदों पर बढ़ोतरी

प्रदेश उपाध्यक्ष अब 17 से बढ़कर 19, महामंत्री 7 से बढ़कर 8 और प्रदेश मंत्री 16 से बढ़कर 19 कर दिए गए हैं। कोषाध्यक्ष और सह-कोषाध्यक्ष के पद अभी घोषित नहीं किए गए हैं। पार्टी का कहना है कि यह बदलाव चुनावी रणनीति को मजबूत करने के लिए किया गया है।

मीडिया और मोर्चों की जिम्मेदारी तय

मीडिया विभाग की जिम्मेदारी फिर से मनीष दीक्षित को दी गई है। दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता, हिमांशु राज पंडित को सोशल मीडिया संयोजक और भारत दीक्षित को कार्यालय मंत्री बनाया गया है। मोर्चा अध्यक्षों में युवा मोर्चा से रोहित मिश्रा, महिला मोर्चा से सरोज कुशवाह और किसान मोर्चा से देवेंद्र सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.