शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या में यूपी कनेक्शन, व्हाट्सएप पर रची गई थी मौत की साजिश
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के कद्दावर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या का मामला अब गहराता जा रहा है। जांच एजेंसियों के हाथ लगे डिजिटल सबूतों से पता चला है कि इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए एक सीक्रेट व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया था। इसी ग्रुप के माध्यम से शूटरों की लोकेशन, मूवमेंट और हमले के समय को लेकर पल-पल की जानकारी साझा की जा रही थी। SIT अब उस मास्टरमाइंड की तलाश में है, जिसने पर्दे के पीछे रहकर सुपारी किलरों की पूरी फौज तैयार की।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब उत्तर प्रदेश (UP) का एंगल भी सामने आया है। दरअसल, वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार का लिंक सिलीगुड़ी से जुड़ा है, जिसे खरीदने के लिए यूपी से फोन आया था। SIT की एक विशेष टीम अब उस संदिग्ध कॉलर को ट्रेस करने के लिए उत्तर प्रदेश रवाना हो गई है।
जांच का एक सिरा बंगाल की जेलों तक भी पहुँच रहा है। आशंका है कि जेल में बंद कुछ शातिर अपराधियों ने ही बाहर बैठे शूटर्स को सुपारी दी थी। फिलहाल पुलिस फर्जी नंबर प्लेट वाली गाड़ियों और लावारिस मिली बाइक के रहस्य को सुलझाने में जुटी है, ताकि कातिलों तक पहुँचा जा सके।
Also Read: यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा की बढ़ी मुश्किलें… NADA ने भेजा नोटिस

