UP में 11 शिक्षक-स्नातक MLC सीटों पर चुनाव की घोषणा: 23 अक्टूबर को मतदान, 27 को आएंगे नतीजे

UP MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की 11 सीटों पर चुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है। इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी होगी।

इसी बीच उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के शर्मा गुट ने सात सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया है। संगठन की राज्य परिषद की बैठक में उम्मीदवारों के नाम तय किए गए।

सात सीटों पर प्रत्याशी घोषित

वाराणसी शिक्षक सीट से डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा, लखनऊ शिक्षक सीट से जगजीवन प्रसाद शुक्ल, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट से डॉ. सुनीत गिरि, आगरा शिक्षक सीट से डॉ. दिलीप कुमार अमौरिया और मेरठ शिक्षक सीट से डॉ. सुशील कुमार पुंडीर को प्रत्याशी बनाया गया है।

वहीं वाराणसी स्नातक सीट से चौधरी दिनेश चंद्र रॉय और मेरठ स्नातक सीट से डॉ. अमित जैन चुनाव लड़ेंगे।

ध्रुव त्रिपाठी की सीट पर फैसला नहीं

फैजाबाद-गोरखपुर खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी की सीट पर संगठन ने अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। संगठन के प्रदेशीय उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता डॉ. आरपी मिश्रा के मुताबिक इस सीट के लिए अभी किसी ने दावा नहीं किया है और ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने भी टिकट नहीं मांगा है।

वहीं इलाहाबाद-झांसी शिक्षक सीट से चुनाव हार चुके सुरेश कुमार त्रिपाठी ने संगठन के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह प्रमोद मिश्रा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

इन 11 सीटों में फिलहाल छह भाजपा, तीन सपा, एक शिक्षक दल और एक निर्दलीय के पास है। भाजपा पहले ही पांच सीटों पर अपने मौजूदा एमएलसी को दोबारा प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.