बच्चों की सुरक्षा पर Meta को बड़ा झटका, अमेरिकी कोर्ट ने ठोका ₹5,400 करोड़ का जुर्माना

Meta (फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी) को बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े मामले में अमेरिका की एक अदालत से बड़ा झटका लगा है। न्यू मैक्सिको की अदालत ने कंपनी को 567 मिलियन डॉलर (करीब ₹5,400 करोड़) का भुगतान करने का आदेश दिया है।

इससे पहले इसी मामले में कंपनी पर 375 मिलियन डॉलर का सिविल जुर्माना लगाया जा चुका है। दोनों को मिलाकर अब Meta पर कुल 942 मिलियन डॉलर (करीब ₹8,000 करोड़ से अधिक) का वित्तीय बोझ आ गया है।

अदालत के मुताबिक, यह राशि बच्चों और किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर सोशल मीडिया के कथित दुष्प्रभावों से निपटने के लिए इस्तेमाल की जाएगी। इसमें इलाज, जागरूकता अभियान, स्क्रीनिंग और रोकथाम से जुड़े कार्यक्रम शामिल होंगे।

क्या है पूरा मामला?

हाल ही में बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट (Child Sexual Abuse Content) के प्रबंधन को लेकर Meta सवालों के घेरे में आई थी। इसी सप्ताह कंपनी ने इस मामले में अपनी कमियों को स्वीकार किया था। रिपोर्टों के मुताबिक, कंपनी के सीईओ मार्क ज़करबर्ग ने भी माना कि इस तरह के कंटेंट से जुड़े सिस्टम में खामियां रही हैं और उन्हें सुधारने पर काम किया जाएगा।

अदालत ने Meta को क्या-क्या करने के निर्देश दिए?

अदालत ने जुर्माने के साथ कंपनी को कई नए सुरक्षा उपाय लागू करने के भी निर्देश दिए हैं। इनमें शामिल हैं:

  • नाबालिगों के लिए बेहतर AI आधारित Age Verification सिस्टम लागू करना।
  • फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े चेतावनी संदेश (Safety Alerts) दिखाना।
  • स्कूलों के लिए Underage Account Reporting Portal शुरू करना।
  • 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का एकत्रित डेटा हटाना।
  • अदालत को नियमित Compliance Report सौंपना।

Meta ने क्या कहा?

Meta ने अदालत के फैसले से असहमति जताई है। कंपनी का कहना है कि वह इस आदेश के खिलाफ अपील करेगी। Meta के अनुसार, किशोरों की सुरक्षा के लिए पहले से कई फीचर लागू किए जा चुके हैं और अदालत ने कुछ तथ्यों का सही आकलन नहीं किया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह फैसला सोशल मीडिया कंपनियों पर बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर बढ़ते कानूनी दबाव का बड़ा संकेत है। अमेरिका में Meta के खिलाफ इसी तरह के कई अन्य मामले भी लंबित हैं, इसलिए इस फैसले को भविष्य के मामलों के लिए भी अहम माना जा रहा है।

Also Read: मार्क जुकरबर्ग ने CSAM, डीपफेक और एल्गोरिदम गड़बड़ी पर मांगी माफी, पीएम मोदी का वीडियो हटाने के बाद मचा था बवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.