महाराष्ट्र TET पेपर लीक का मुख्य मास्टरमाइंड वीरेंद्र गुप्ता बिहार से गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के बहुचर्चित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। भिवंडी पुलिस की स्पेशल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बिहार में छापेमारी कर मामले के मुख्य आरोपी वीरेंद्र कुमार गुप्ता को दबोच लिया है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे फ्लाइट से पुणे एयरपोर्ट लेकर पहुँची, जहाँ से उसे कड़े सुरक्षा घेरे में भिवंडी ले जाया गया है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है।

NEET समेत कई बड़े पेपर लीक सिंडिकेट से जुड़े रहे हैं तार

जाँच एजेंसियों के अनुसार, वीरेंद्र गुप्ता का इतिहास कई राज्यों के परीक्षा घोटालों से जुड़ा रहा है। साल 2024 के चर्चित नीट (NEET) पेपर लीक विवाद के दौरान भी एक स्टिंग ऑपरेशन में उसका नाम उछला था। इस मामले में पुलिस वीरेंद्र की पत्नी समेत गिरोह के कई सदस्यों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है, लेकिन मुख्य सूत्रधार होने के कारण वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।

आर्थिक लेन-देन और पूरे नेटवर्क का होगा पर्दाफाश

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि वीरेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी से टीईटी पेपर लीक रैकेट की गहरी परतों का खुलासा होगा। कस्टडी रिमांड के दौरान उससे रैकेट में शामिल अन्य सफेदपोशों, वित्तीय लेन-देन और पूरे सिंडिकेट के काम करने के तरीकों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में फैले पेपर लीक नेटवर्क को ध्वस्त करने में मदद मिलेगी।

Also Read: NTA में बड़ा बदलाव शुरू, 47 अफसरों की छुट्टी के बाद अब 4 GM और 16 यंग प्रोफेशनल्स की भर्ती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.