Weather Updates: देशभर में मौसम का मिजाज बदला, 44 डिग्री पारे के बीच 15 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट

Sandesh Wahak Digital Desk: अप्रैल की शुरुआत के साथ ही देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है।

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक मौसम के बदले हुए तेवर देखने को मिल रहे हैं।

कई राज्यों में जहां तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है, वहीं कुछ इलाकों में लू का प्रकोप भी जारी है।

दिल्ली का मौसम

राजधानी दिल्ली में सोमवार (20 अप्रैल) को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

सुबह के समय करीब 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 21 अप्रैल को भी तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

उत्तर प्रदेश में लू का कहर

IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, जौनपुर, देवरिया और गोरखपुर में 20 व 21 अप्रैल को लू चलने का अलर्ट जारी किया है।

प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री, वाराणसी में 44.2 डिग्री और बांदा में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुष्क पश्चिमी हवाओं के चलते तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

बिहार में आंधी की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 23 अप्रैल को बिहार में तेज हवाओं के साथ आंधी आने की संभावना है।

दोपहर के समय चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। खासतौर पर सीमांचल के इलाकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश में बदलेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश में 20 से 25 अप्रैल तक मौसम शुष्क रह सकता है। शिमला मौसम विभाग के मुताबिक 23 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे 24 और 25 अप्रैल को मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश की संभावना है।

केरल समेत दक्षिण भारत का हाल

आंध्र प्रदेश में 20 से 23 अप्रैल, जबकि तेलंगाना और कर्नाटक में 20 से 22 अप्रैल के दौरान बिजली चमकने की संभावना है।

20 से 23 अप्रैल के बीच केरल और माहे में, वहीं 22 और 23 अप्रैल को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज गर्मी और लू से बचाव के लिए सावधानी बरतें, अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें और मौसम से जुड़ी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।

Also Read: Lucknow News: 30 अप्रैल को यूपी में महिला आरक्षण पर शक्ति प्रदर्शन, सरकार ने बुलाया विशेष सत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.