Bareilly News: मुठभेड़ में गोली लगने से 20 हजार का इनामी जाहिद उर्फ अंडा घायल, एक सिपाही भी जख्मी

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की भोजीपुरा थाना पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आज धौरा टांडा चौकी प्रभारी पवन कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ग्राम घुरसमसपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया। खुद को घिरा देख शातिर अपराधी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस अचानक हुए हमले में उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही विकास गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से गिरा वांछित आरोपी

बदमाशों की तरफ से हुई फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से चलाई गई गोली सीधे शातिर अपराधी के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने दोपहर करीब 01:10 बजे घायल अवस्था में उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की शिनाख्त जाहिद उर्फ अंडा (निवासी नवाबगंज, हाल निवासी धौरा टांडा) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, नाल में फंसा हुआ एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, एक मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

जनवरी में गोकशी और फरवरी में पुलिस टीम पर हमले का है आरोप

मुठभेड़ के बाद की गई शुरुआती पूछताछ में आरोपी जाहिद ने कुबूल किया है कि वह पुलिस से बचने के लिए काफी समय से ठिकाने बदल रहा था। उसने बताया कि जनवरी के महीने में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सिंघाई नवदिया के जंगलों में गोकशी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद बीती 14 फरवरी, 2026 को भी उसकी पुलिस टीम से मुठभेड़ हुई थी, जिसमें वह पुलिस पर गोलियां बरसाकर फरार हो गया था। लगातार फरार चलने के कारण बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर 20,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

घायल जाहिद उर्फ अंडा ने पुलिस को बताया कि वह रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अपने साथी अजीम (निवासी सैदपुर चुन्नीलाल) के साथ कहीं बाहर भागने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे घेर लिया। जब जाहिद को गोली लगी और वह बाइक से गिर गया, तो उसका साथी अजीम मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने फरार आरोपी अजीम के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। घायल सिपाही विकास और पैर में गोली लगने से जख्मी बदमाश जाहिद को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजीपुरा भेजा गया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी जाहिद के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, गैंगेस्टर एक्ट और बीएनएस की संगीन धाराओं के तहत भुता, नवाबगंज और भोजीपुरा थानों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस सफल ऑपरेशन को भोजीपुरा के प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस सेल की टीम, उपनिरीक्षक पवन कुमार, उपनिरीक्षक विनय बहादुर सिंह और घायल कांस्टेबल विकास सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने अंजाम दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: जुलाई-अगस्त में 3 से 4 फीसदी बढ़ सकते है दूध के दाम, दिखने लगा El Nino का असर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.