जुलाई-अगस्त में 3 से 4 फीसदी बढ़ सकते है दूध के दाम, दिखने लगा El Nino का असर

El Nino Effect in India: महंगाई से परेशान आम लोगों को आने वाले महीनों में एक और झटका लग सकता है। डेयरी सेक्टर के जानकारों का मानना है कि जुलाई और अगस्त के दौरान दूध की कीमतों में 3 से 4 फीसदी तक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इसकी बड़ी वजह अल नीनो (El Nino) और कमजोर मानसून को माना जा रहा है, जो पशुपालन और दूध उत्पादन पर असर डाल सकते हैं।

फिलहाल बाजार में दूध की सप्लाई सामान्य बनी हुई है, लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए डेयरी कंपनियां और पशुपालक पहले से सतर्क हो गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि प्रमुख दूध उत्पादक राज्यों में बारिश सामान्य से कम रहती है, तो आने वाले समय में उत्पादन पर दबाव बढ़ सकता है।

El Nino से क्यों बढ़ती है चिंता?

अल नीनो एक ऐसी मौसमी स्थिति है, जो कई इलाकों में सामान्य से कम बारिश का कारण बनती है। कमजोर मानसून का सबसे बड़ा असर पशुओं के चारे और पानी की उपलब्धता पर पड़ता है। हरा चारा कम होने और पानी की कमी से दूध देने वाले पशुओं की उत्पादकता प्रभावित होती है।

इसके अलावा पशुपालकों की लागत भी बढ़ जाती है। कई छोटे पशुपालक ऐसे हालात में पशुओं की संख्या घटाने का फैसला करते हैं, जिससे बाजार में दूध की उपलब्धता कम हो सकती है।

दूध ही नहीं, दही-घी भी हो सकते हैं महंगे

विशेषज्ञों के अनुसार यदि उत्पादन प्रभावित होता है तो इसका असर सिर्फ दूध तक सीमित नहीं रहेगा। दही, पनीर, घी, मक्खन और अन्य डेयरी उत्पादों (Dairy Products) की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

उधर, बड़ी डेयरी कंपनियां संभावित संकट से निपटने के लिए पशुपालकों के साथ मिलकर चारा प्रबंधन और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर काम कर रही हैं। कंपनियों का कहना है कि अभी सप्लाई पर कोई बड़ा असर नहीं दिखा है, लेकिन हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि इसी साल मई में कई प्रमुख डेयरी कंपनियां दूध की कीमतें बढ़ा चुकी हैं। तब पशु आहार, पैकेजिंग, ईंधन और खरीद लागत में वृद्धि को इसकी वजह बताया गया था। ऐसे में यदि मानसून उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, तो उपभोक्ताओं को जल्द एक और मूल्य वृद्धि का सामना El Nino की वजह से करना पड़ सकता है।

Also Read: फ़ूड बिज़नेस वालों के लिए FSSAI का नया आदेश, कटिंग इक्विपमेंट को लेकर लागू किया ये नियम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.