‘बीयर पीनी है, तो पियो, लेकिन…’, कप्तान बनते ही जो रूट ने हटाया नाइट कर्फ्यू

Sports News: इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी दोबारा संभालते ही जो रूट ने खिलाड़ियों को लेकर बड़ा फैसला किया है। रूट ने टीम पर लागू नाइट कर्फ्यू हटाने का ऐलान किया है।

अब खिलाड़ियों के होटल से बाहर रहने या टेस्ट जीत के बाद जश्न मनाने को लेकर पहले जैसी समय सीमा नहीं होगी।

हालांकि, रूट ने साफ कर दिया है कि इस आजादी के साथ खिलाड़ियों को अपनी जिम्मेदारी भी समझनी होगी।

कप्तान बनते ही रूट ने बदले टीम के नियम

बेन स्टोक्स के इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद 35 वर्षीय जो रूट को इंग्लैंड का टेस्ट कप्तान बनाया गया है।

उनकी कप्तानी में टीम की पहली बड़ी चुनौती 19 अगस्त से पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज होगी।

नाइट कर्फ्यू की व्यवस्था इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने एशेज सीरीज के दौरान खिलाड़ियों के व्यवहार से जुड़े विवादों के बाद लागू की थी।

उस दौरे पर इंग्लिश खिलाड़ियों के देर रात तक शराब पीने और कुछ मौकों पर कैसीनो जाने की खबरें सामने आई थीं।

इसके बाद बोर्ड ने अनुशासन को लेकर सख्ती करते हुए खिलाड़ियों के देर रात तक बाहर रहने पर पाबंदियां लगा दी थीं।

हालांकि, बाद में भी इस नियम को लेकर विवाद सामने आए। न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में जीत के बाद बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन के कर्फ्यू तोड़ने की बात सामने आई थी।

नियमों को लागू करने के तरीके को लेकर भी सवाल उठे थे।

Joe Root

‘अब कोई कर्फ्यू नहीं होगा’

जो रूट ने स्काई स्पोर्ट्स क्रिकेट पॉडकास्ट पर टीम की नई व्यवस्था को लेकर कहा कि अब खिलाड़ियों पर नाइट कर्फ्यू नहीं रहेगा।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को वयस्कों की तरह व्यवहार करना चाहिए और खुद के साथ-साथ टीम के अन्य सदस्यों का भी ख्याल रखना चाहिए।

रूट का मानना है कि इंटरनेशनल क्रिकेटरों को अपनी जिम्मेदारियों की समझ होती है और हर छोटी चीज के लिए उन पर पाबंदी लगाना सही नहीं है।

वह ऐसी टीम संस्कृति बनाना चाहते हैं, जिसमें खिलाड़ी यह समझें कि कब जश्न मनाना है और कब पूरी तरह क्रिकेट पर ध्यान देना है।

‘टेस्ट जीतने के बाद एक बीयर पीना गलत नहीं’

जो रूट ने खिलाड़ियों के जश्न को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि टेस्ट मैच जीतने के बाद खिलाड़ियों को खुशी मनाने की आजादी होनी चाहिए।

उनके मुताबिक, अगर कोई खिलाड़ी जीत के बाद एक बीयर पीना चाहता है तो इसमें कुछ गलत नहीं है, बशर्ते वह सही समय पर हो।

हालांकि, रूट ने साथ ही खिलाड़ियों को उनकी जिम्मेदारी भी याद दिलाई।

उन्होंने कहा कि आजादी मिलने के बावजूद खिलाड़ियों को यह ध्यान रखना होगा कि वे इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और मैदान के बाहर उनका व्यवहार भी महत्वपूर्ण है।

ECB ने भी कर्फ्यू हटाने की पुष्टि की

ईसीबी ने भी पुष्टि की है कि इंग्लैंड की टेस्ट टीम में अब नाइट कर्फ्यू लागू नहीं रहेगा। बोर्ड के मुताबिक, नई टेस्ट लीडरशिप टीम के मानकों और टीम संस्कृति को नए सिरे से तय करने पर काम कर रही है।

ईसीबी ने कहा कि आगामी टेस्ट सीरीज से पहले सभी खिलाड़ियों को उनसे की जाने वाली अपेक्षाओं के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।

यानी अब सख्त नाइट कर्फ्यू की जगह खिलाड़ियों के लिए स्पष्ट व्यवहार संबंधी मानक तय किए जाएंगे।

Also Read: भारत के खिलाफ श्रीलंका की टेस्ट टीम घोषित, 3 साल बाद डिकवेला की वापसी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.