शाहजहांपुर के बाद अब एटा के मंदिर में साधु की हत्या, चारपाई पर खून से लथपथ मिला शव
Etah News: उत्तर प्रदेश में साधुओं की हत्या के मामले सामने आने से सनसनी फैल गई है। शाहजहांपुर में दो साधुओं की हत्या के बाद अब एटा में मंदिर के अंदर एक साधु की हत्या कर दी गई। उनका शव गुरुवार सुबह चारपाई पर खून से लथपथ मिला। पुलिस के मुताबिक, साधु के पास रखी पोटली से करीब 11 हजार रुपये और कुछ सामान गायब था। मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है।
सुबह मंदिर पहुंचे ग्रामीण, चारपाई पर मिला शव
मामला निधौलीकलां थाना क्षेत्र के लालपुर गांव का है। यहां के निवासी सूरजपाल के 60 वर्षीय बेटे भोजराज साधु थे। वह गांव के बाहर बने हनुमान मंदिर में करीब 20 साल से रह रहे थे। उनके भतीजे और गांव के लोग रोजाना उन्हें खाना देने जाते थे।
बुधवार शाम भोजराज ग्रामीणों के साथ मंदिर में काफी देर तक बैठे थे। रात होने पर सभी अपने घर चले गए। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को मंदिर से रोज की तरह ‘जय सियाराम’ की आवाज नहीं सुनाई दी। इस पर लोग मंदिर पहुंचे। वहां भोजराज का शव चारपाई पर पड़ा था। पास में खून से सनी ईंट भी मिली। मंदिर के अंदर सामान बिखरा हुआ था।
आरोपी हिरासत में, खून से सने कपड़े बरामद
घटना की सूचना पर एसएसपी डॉ. इलामारन जी, एएसपी श्वेताभ पांडेय, सीओ ज्ञानेंद्र सिंह और थाना प्रभारी आदित्य खोखर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्रामीणों ने गब्बर नाम के एक मानसिक रूप से कमजोर युवक पर हत्या का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, गांव के लोगों ने उसे पकड़ लिया था। उसके पास से खून से सने कपड़े और साधु की पोटली भी बरामद हुई, जिसमें रुपये होने की बात कही गई है।
एटा के एसएसपी डॉ. इलामारन जी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। भोजराज के भतीजे देवेंद्र ने निधौलीकलां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Also Read; Lucknow News: यूपी पुलिस झूठों का झुंड, कानून के राज का खत्म हुआ भरोसा- राकेश वर्मा

