Amethi News: मेले में खस्ता खाने से 102 लोग बीमार, 17 की हालत गंभीर
Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में फूड पॉइजनिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक मेले के दौरान खस्ता खाने से 102 लोग बीमार पड़ गए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। अचानक बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आई और गांव पहुंचकर मरीजों का उपचार शुरू किया।
घटना अमेठी जिले की तिलोई तहसील के मोहनगंज थाना क्षेत्र स्थित कोटवा गांव की है। यहां एक मेला लगा हुआ था, जिसमें एक दुकान पर खस्ता बिक रहा था। इसे खाने के बाद वहां मौजूद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ग्राम प्रधान ने तुरंत इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी।
मेडिकल कॉलेज भेजे गए 17 मरीज
मामले की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अंशुमान सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत कोटवा गांव पहुंचे। जांच में सामने आया कि इस फूड पॉइजनिंग की चपेट में कुल 102 लोग आए हैं, जिनमें 39 बच्चे और 63 वयस्क शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही सभी प्रभावितों को आवश्यक दवाइयां और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
हालाँकि, 10 बच्चों और 7 वयस्कों की स्थिति अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए तिलोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी 17 मरीजों की हालत अब खतरे से बाहर और सामान्य है।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर कोटवा गांव में स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम को निगरानी के लिए तैनात कर दिया गया है। यह टीम लगातार ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि यदि किसी अन्य व्यक्ति में भी संक्रमण या बीमारी के लक्षण दिखाई दें, तो उसे तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
Also Read: UP में चुनाव से पहले पुलिस विभाग में बड़े फेरबदल की तैयारी, 20 IPS समेत 2 हजार कर्मी रडार पर

