अमेठी के वोटर लिस्ट में 200 जिंदा लोगों के नाम गायब, मृतकों के नाम बरकरार, चंदा जुटाकर HC पहुंचे ग्रामीण
Amethi Voter List Controversy: उत्तर प्रदेश के अमेठी में पंचायत मतदाता सूची को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि वोटर लिस्ट से करीब 200 जीवित लोगों के नाम गायब हैं, जबकि चार दर्जन मृतकों के नाम अब भी दर्ज हैं। बीएलओ (BLO) सर्वे के बाद भी कथित गड़बड़ियां दूर नहीं हुईं। अधिकारियों से लगातार शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने आपस में चंदा जुटाया और न्याय के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
यह मामला महमूदपुर न्याय पंचायत का है। पवन कुमार समेत 137 लोगों ने रिट याचिका संख्या 10808/2026 दायर की है। मामला अदालत पहुंचने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की गांव में आवाजाही बढ़ गई है।
40 साल से वोट डाल रहे थे ग्रामीण, फिर सूची से नाम गायब
स्थानीय ग्रामीण मो. अयाज खान, मो. रेयाज और हालिकुल निशा का कहना है कि वे पिछले करीब 40 साल से लगातार मतदान करते आ रहे हैं। इस बार अचानक उनके और उनके परिजनों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए, जबकि मृत लोगों के नाम नहीं काटे गए।
ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आखिरकार उन्हें कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए आपस में पैसे इकट्ठा करने पड़े।
हाईकोर्ट की सुनवाई के बाद गांव पहुंचे अधिकारी
मामले (Amethi Voter List Controversy) की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट की ओर से फटकार लगाए जाने के बाद प्रशासनिक हलचल तेज होने की बात सामने आई है। अधिकारी अब गांव में घर-घर जाकर मतदाता सूची की पड़ताल कर रहे हैं। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक उनके नाम सूची में दोबारा नहीं जोड़े गए हैं। इससे लोगों में नाराजगी है और उन्हें अपने मतदान के अधिकार से वंचित होने की चिंता सता रही है।
इस मामले पर अपर जिलाधिकारी ज्योति सिंह ने कहा कि प्रकरण अभी उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। अदालत की ओर से अब तक कोई अंतिम आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। आदेश मिलने के बाद उसके अनुसार आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: UP चुनाव से पहले ट्रांसफर-पोस्टिंग पर EC सख्त, 3 साल पूरे करने वाले अफसर हटेंगे

