बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में धूमधाम से मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, बड़ी संख्या में लोगों ने किया योगाभ्यास
Bareilly News: वैश्विक स्तर पर मनाए जा रहे 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह और नोडल अधिकारी/प्रमुख सचिव सौरभ बाबू का भावभीना स्वागत किया गया। इसके साथ ही मुख्य विकास अधिकारी और क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अजय पाल सिंह ने महापौर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और विधायकों सहित अन्य गणमान्य नागरिकों का अभिनंदन किया। सभी अतिथियों ने भगवान धन्वंतरि एवं योग सूत्र के प्रणेता महर्षि पतंजलि के चित्र के समक्ष दीप जलाकर और माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधि-विधान से शुभारंभ किया।

इसके बाद स्टेडियम में मौजूद सभी योग साधकों और अतिथियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा और सुना। प्रधानमंत्री के भाषण के बाद योग प्रशिक्षिका नित्या शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को योग क्रियाओं की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने तय प्रोटोकॉल के तहत ताड़ासन, पवनमुक्तासन, वज्रासन, सर्वांगासन, विभिन्न सूक्ष्म व्यायाम और प्राणायाम का अभ्यास कराया, साथ ही इनसे शरीर को होने वाले फायदों के बारे में भी बताया।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दैनिक जीवन में योग को अपनाकर बीमारियों से दूर रहा जा सकता है और दीर्घायु प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने इस वैश्विक मुहिम के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी जताया। वहीं सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष और नोडल अधिकारी ने भी अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। समारोह के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और योग के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले डॉक्टरों व संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने इस सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग हमारे जीवन में संतुलन और सकारात्मकता लाता है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, इन दो दिग्गजों की हुई वापसी

