4 साल बाद अग्निवीरों की सेवा बढ़ाने की तैयारी? सरकार के प्रस्ताव पर मंथन
Agniveer Service Extension: अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती हुए अग्निवीरों के लिए सेवा अवधि बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में सरकारी सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि चार साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद कुछ अग्निवीरों को दो साल का एक्सटेंशन दिया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि इस प्रस्ताव पर पिछले कुछ दिनों में उच्च स्तर पर कई बैठकें हुई हैं। इनमें अग्निवीरों की सेवा अवधि बढ़ाने के विकल्प पर चर्चा की गई। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
21 नवंबर से पहले हो सकता है ऐलान
अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए अग्निवीरों के पहले बैच का चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है। न्यूज18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार 21 नवंबर से पहले एक्सटेंशन योजना का ऐलान कर सकती है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला होना अभी बाकी है।
फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि कितने अग्निवीरों को सेवा विस्तार दिया जाएगा। एक्सटेंशन की अवधि कितनी होगी और इसके लिए जवानों का चयन किन मानकों के आधार पर किया जाएगा, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है।
क्या है अग्निपथ योजना का मौजूदा नियम?
केंद्र सरकार ने साल 2022 में अग्निपथ योजना शुरू की थी। इसके तहत भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में अग्निवीरों की भर्ती की जाती है। योजना के मौजूदा प्रावधानों के अनुसार, अग्निवीरों को चार साल के लिए सेवा में रखा जाता है।
चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर 75 फीसदी अग्निवीरों को सेवा से मुक्त किया जाना है, जबकि बाकी 25 फीसदी को स्थायी जवान के तौर पर सेना में शामिल करने का प्रावधान है।
अब चर्चा है कि सेवा से मुक्त होने वाले 75 फीसदी अग्निवीरों में से कुछ को भी चार साल के बाद सेवा विस्तार का विकल्प दिया जा सकता है। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो चयनित अग्निवीर निर्धारित चार साल की अवधि के बाद भी सेना में बने रह सकेंगे।
तीनों सेनाओं के पहले बैच का कार्यकाल अलग-अलग तारीखों पर होगा पूरा
सेवा विस्तार को लेकर चर्चा ऐसे समय हो रही है, जब अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए पहले बैच का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, भारतीय नौसेना के पहले बैच के अग्निवीरों के चार साल 21 नवंबर को पूरे होंगे।
वहीं, वायुसेना के पहले बैच का कार्यकाल 21 दिसंबर और भारतीय सेना के पहले बैच का कार्यकाल 31 दिसंबर को पूरा हो रहा है। ऐसे में सेवा विस्तार पर सरकार के फैसले का अग्निवीरों को इंतजार है।

