Budget Session 2025: संसद में राष्ट्रपति का अभिभाषण, महाकुंभ हादसे पर जताया दुख, कहा- तेज गति से आगे बढ़ रहा देश
Budget Session: संसद का बजट सत्र आज से (31 जनवरी) शुरू हो गया है. राष्ट्रपति अभिभाषण के साथ यह सत्र शुरू हुआ. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर हुए हादसे पर शोक जताते हुए अभिभाषण की शुरुआत की.

इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू ने बताया कि किस तरह भारत सरकार के प्रयासों से देश निरंतर आगे बढ़ रहा है.
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘प्रधानमंत्री आवास योजना का विस्तार करते हुए तीन करोड़ अतिरिक्त परिवारों को नए घर देने का निर्णय लिया गया है. जनजातीय समाज के पांच करोड़ लोगों के लिए “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष” अभियान प्रारंभ हुआ है.
उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा के इस अमृतकाल को आज मेरी सरकार अभूतपूर्व उपलब्धियों के माध्यम से नई ऊर्जा दे रही है. आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सत्तर वर्ष और उससे अधिक उम्र के छह करोड़ वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य बीमा देने का फैसला हुआ है.
राष्ट्रपति ने कहा, ‘सरकार ने आठवें वेतन आयोग का निर्णय लिया है. इससे केन्द्रीय कर्मचारियों को बहुत फायदा मिलेगा. मेरी सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए बहुत काम कर रही है. भारत जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थवयस्था बनेगा.’

