U19 Women’s T20 WC: टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा भारत, सेमीफाइनल में इंग्लैंड को दी पटखनी
Women’s U19 T20 World Cup 2025: आईसीसी अंडर 19 महिला टी20 विश्व कप में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम ने लगातार छह जीत के साथ फाइनल में जगह बनाई है.

आपको बता दें कि अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया. शुक्रवार 31 जनवरी को हुए इस मैच में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 9 विकेट से रौंद दिया.
इसके साथ लगातार दूसरी टीम इंडिया इस टूर्नामेंट के फाइनल में एंट्री कर ली है. पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था. यानी अब खिताबी मुकाबले में भारत और साउथ अफ्रीका की भिड़ंत होगी. ये मैच रविवार 2 फरवरी को खेला जाएगा.
आपको बता दें भारतीय टीम इस टूर्नामेंट की डिफेंडिंग चैंपियन है.
भारतीय गेंदबाजों का दबदबा

भारतीय टीम का पूरे टूर्नामेंट में दबदबा रहा. ग्रुप स्टेज के बाद भारत ने सुपर सिक्स में भी सभी मैच जीते. यही दबदबा सेमीफाइनल में भी जारी रहा. यानी अभी तक भारत को कोई भी टीम इस टूर्नामेंट में नहीं हरा सकी है.
दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग की. उसने शुरुआत भी अच्छी की और 4 ओवर में ही 37 रन भी ठोक दिए. लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शिकंजा कसना शुरू किया. 5वें ओवर में पारुनिका सिसोदिया ने 2 विकेट झटक लिए.
हालांकि, फिर से इंग्लिश टीम की बल्लेबाजों ने 44 रनों की साझेदारी करके वापसी करने की कोशिश की. लेकिन आयुषी शुक्ला ने 81 रन के स्कोर पर भारत को तीसरी सफलता दिलाई. यहीं से इंग्लैंड की टीम का पतन शुरू हुआ.
और अगले 12 रन बनाने में और 5 विकेट गंवा दिए. इस दौरान वैष्णवी शर्मा ने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट, पारुनिका ने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट, आयुषी ने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए. इनकी घातक गेंदबाजी के बाद किसी तरह इंग्लैंड 113 रन तक पहुंच सकी. पारुनिका को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
जी कमलिनी का बैटिंग में कमाल

114 रन को चेज करते हुए भारत के दोनों ओपनर्स ने शानदार बैटिंग की. 9 ओवर में ही जी कमलिनी और जी त्रिशा ने 60 रन बना दिए. लेकिन 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर त्रिशा 29 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हो गईं.
हालांकि, इससे भारतीय टीम पर कोई असर नहीं पड़ा. कमलिनी ने सानिका चाल्के साथ मिलकर बचे हुए रन को आसानी से बना दिया. उन्होंने इस अहम मैच में 50 गेंद में 56 रन की पारी खेली और टीम को जीत दिलाई. भारत ने 5 ओवर रहते ही 9 विकेट से इंग्लैंड को हरा दिया.

