हरियाणा के फतेहाबाद में भीषण हादसा, घने कोहरे के बीच नहर में गिरी क्रूजर, 10 लोग लापता

Sandesh Wahak Digital Desk: हरियाणा के फतेहाबाद जिले में घने कोहरे के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक क्रूजर गाड़ी अनियंत्रित होकर भाखड़ा नहर में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 10 लोग लापता हो गए हैं। हालांकि, राहत और बचाव कार्य के दौरान एक 10 वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 55 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद के गांव महमड़ा के कुछ लोग पंजाब में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 10 बजे, वे क्रूजर गाड़ी में सवार होकर वापस लौट रहे थे। जब उनकी गाड़ी रतिया के गांव खाई से होते हुए सरदारेवाला की ओर बढ़ रही थी, तभी घने कोहरे के कारण भाखड़ा नहर के पुल पर गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सीधा नहर में गिर गई।

ड्राइवर ने लगाई छलांग, लोगों की तलाश जारी

गाड़ी के नहर में गिरने से ठीक पहले चालक जरनैल सिंह ने छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, हादसे के बाद से ड्राइवर घटनास्थल से गायब है। गाड़ी में सवार 12 अन्य लोग नहर में डूब गए, जिनमें एक 10 वर्षीय बच्चा भी शामिल था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 10 वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बचा लिया, जबकि 55 वर्षीय बलबीर सिंह का शव बरामद हुआ। प्रशासन ने बाकी लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली है।

इस घटना को लेकर हेड कॉन्स्टेबल गुरमीत सिंह ने बताया कि घना कोहरा होने की वजह से हादसा हुआ। गाड़ी में कितने लोग सवार थे, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन अनुमान है कि 13-14 लोग गाड़ी में थे। फिलहाल, बचाव कार्य जारी है और प्रशासन लापता लोगों को खोजने में जुटा हुआ है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। प्रशासनिक टीमें भी राहत और बचाव कार्य में पूरी तरह से सक्रिय हैं।

Also Read: Delhi Election 2025: अरविंद केजरीवाल की बीजेपी समर्थकों से अपील, जानिए क्या कहा?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.