Bareilly News: ग्राम प्रधान की दबंगई से पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से लगाई गुहार
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्र और प्रदेश सरकार की सख्ती के बावजूद स्थानीय स्तर पर महिलाओं और आम नागरिकों के उत्पीड़न के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव हरपुर मोहनिया का है, जहां ग्राम प्रधान और उनके सहयोगियों द्वारा दबंगई किए जाने का आरोप लगा है।
गांव निवासी कृपाल ने एसडीएम सदर को शिकायत पत्र देकर बताया कि उन्होंने अपने खेत में मकान बनाया है, जिसका मुख्य द्वार सड़क की ओर खुलता है। यह सड़क सांसद निधि से निर्मित हुई है। बावजूद इसके, ग्राम प्रधान राजनीतिक दुर्भावना के चलते अपने दबंग साथियों के बल पर उनका रास्ता बंद करवा रहे हैं।

पीड़ित कृपाल ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने स्थानीय पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। रास्ता बंद होने से एक विधवा महिला सहित ओमप्रकाश और अन्य तीन परिवारों के मकानों के प्रवेश मार्ग बाधित हो जाएंगे, जिससे उन्हें घरों में कैद होने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ेगा।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से जल्द से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है, ताकि उन्हें इस परेशान करने वाली स्थिति से राहत मिल सके।
Also Read: यूपी एसटीएफ को मिली बड़ी सफलता, 50,000 का इनामी बदमाश महाराष्ट्र से…

