भाजपा की बड़ी जीत के बाद दिल्ली को मिलेगा नया मुख्यमंत्री, नाम पर सस्पेंस बरकरार!
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 48 सीटों पर जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत हासिल कर लिया है। अब पार्टी जल्द ही उपराज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है। हालांकि, इससे पहले भाजपा को मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार तय करना होगा।
कौन बनेगा दिल्ली का नया मुख्यमंत्री?
फिलहाल, भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। लेकिन पार्टी के हालिया रुझानों को देखते हुए यह भी संभावना जताई जा रही है कि भाजपा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान की तरह दिल्ली में भी किसी नए चेहरे को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंप सकती है।
शपथ ग्रहण समारोह जल्द संभव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे के बाद दिल्ली में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है। पीएम मोदी आज शाम फ्रांस की राजधानी पेरिस पहुंचेंगे, जहां से वह अमेरिका के लिए रवाना होंगे। उनका 11 और 12 फरवरी को अमेरिका में कार्यक्रम तय है। ऐसे में, उम्मीद जताई जा रही है कि उनके लौटने के बाद दिल्ली में मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की ओर से जल्द ही मुख्यमंत्री पद के नाम पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि दिल्ली की कमान किसे सौंपी जाएगी।
Also Read: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संगम में किया पवित्र स्नान, महाकुंभ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

