अमेरिका के फ्लोरिडा में विमान क्रैश, सड़क पर गिरते ही लगी आग, 9 लोगों की मौत

Florida Plane Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास जा रहा बिजनेस जेट लियरजेट 60 दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क के पास जा गिरा। हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने इसकी पुष्टि की है।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, विमान ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बहामास के लिए रवाना हुआ था। जमीन से टकराते ही विमान में जोरदार धमाका हुआ और सड़क पर आग लग गई। टक्कर से वहां बड़ा गड्ढा भी बन गया। विमान घरों से कुछ ही फीट की दूरी पर गिरा और सड़क से गुजर रही गाड़ियों के भी बेहद करीब था।

हादसे का वीडियो आया सामने, सड़क पर फैला धुआं

कार में बैठे लोगों ने दुर्घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया। इसमें विमान तेजी से नीचे गिरता और सड़क के पास टकराते ही आग की लपटों में घिरता दिखाई दे रहा है। हादसे (Florida Plane Crash) के बाद आसपास के इलाके में घना काला धुआं फैल गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि नजदीकी घरों को कोई नुकसान पहुंचा है या नहीं।

विमान का टेल नंबर N722BD था। ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने इसे बड़ी त्रासदी बताया है। विमान में सवार लोगों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

सड़कें बंद, जांच में जुटी एजेंसियां

हादसा मिलिट्री ट्रेल और 10वें एवेन्यू नॉर्थ के पास हुआ। घटना के बाद पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने दोनों तरफ की सड़कें बंद कर दीं और लोगों से उस रास्ते पर नहीं जाने की अपील की। दमकलकर्मी और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं।

पास में काम करने वाली एक महिला के मुताबिक, हादसे (Florida Plane Crash) के बाद इलाके में करीब दो घंटे तक बिजली गुल रही। अमेरिकी परिवहन सचिव ने बताया कि FAA एक टीम भेज रहा है, जो दुर्घटना की जांच कर रहे नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) की मदद करेगी। हादसे की वजह का अभी पता नहीं चला है।

Also Read: इजरायल में नेतन्याहू का खेल बिगड़ा! बहुमत से 8 सीट दूर, 19 सीटों वाले अरब दल बन गए किंगमेकर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.