‘तो अब गंगा किससे धुलवाएंगे?’, अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर क्यों कसा ये तंज?
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कानपुर में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत की और उसके बाद मीडिया से बातचीत में योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने महाकुंभ, रोजगार, बजट और स्नान को लेकर सरकार पर तंज कसा।
अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तंज
सपा प्रमुख ने कहा, “सरकार मेरे स्नान करने पर मुझे घेर रही है। उसने सब कुछ धुलवा दिया – मंदिर, मुख्यमंत्री आवास और अब मैंने गंगा में स्नान किया। तो अब गंगा किससे धुलवाएंगे?” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब वह कन्नौज के मंदिर गए थे तो मंदिर धुलवा दिया गया, मुख्यमंत्री आवास को धुलवा दिया गया।
कानपुर को लेकर सरकार पर सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर कभी लाखों लोगों को रोजगार देता था, लेकिन अब सरकार ने उसे उपेक्षित कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले बजट में और इस बार भी कानपुर के विकास के लिए कुछ नहीं दिया गया। उन्होंने याद दिलाया कि उनकी सरकार ने कानपुर पावर प्लांट को खुलवाया था, जो देश की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण साबित हुआ था।
गंगा के जल स्तर पर चिंता
सपा मुखिया ने कहा, “कानपुर आते समय मैंने देखा कि गंगा का पानी सूख गया है। मई-जून में हालात और भी खराब हो सकते हैं। बच्चे अब सूखी गंगा में क्रिकेट खेल रहे हैं। मुख्यमंत्री आगरा गए हुए हैं, वहां भी यमुना सूखने की आशंका है।”
सरकार की नीतियों पर हमला
उन्होंने त्रिवेणी की शुद्धता को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के प्रदूषण बोर्डों के बीच विवाद का हवाला देते हुए कहा कि यह ‘डबल इंजन सरकार’ नहीं बल्कि ‘डबल ब्रेल्डर सरकार’ है। उन्होंने सदन में उर्दू भाषा को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर भी नाराजगी जाहिर की और कहा कि यह लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है।
मुख्यमंत्री की भाषा पर तंज
अखिलेश यादव ने कहा, “मुख्यमंत्री को न तो स्टेशन की हिंदी आती है, न क्लच और स्टीयरिंग की हिंदी जानते हैं। इसलिए बहस करने का कोई फायदा नहीं, क्योंकि उन्हें कुछ आता ही नहीं है।” उन्होंने सरकार को सलाह दी कि महाकुंभ की अवधि बढ़ा देनी चाहिए ताकि जब तक एक करोड़ लोग स्नान न कर लें, आयोजन जारी रह सके।
Also Read: UP News: सभी सरकारी कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाने का आदेश, 31 मार्च है लास्ट डेट

