Shamli Encounter: पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: शामली जिले के ऊन रोड स्थित गुड़ फैक्ट्री के पास पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश निखिल उर्फ पहाड़ी, निवासी सिकंदरपुर, पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को ऊन सीएससी में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार ये मुठभेड़ जनपद शामली के थाना झिंझाना क्षेत्र में हुई। एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि 25 हजार का इनामी बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाइक सवार एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया। लेकिन बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
कौन है यह इनामी बदमाश?
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाश निखिल उर्फ पहाड़ी थाना झिंझाना का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, लूट समेत कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि बीती 19 फरवरी को निखिल अपने दो अन्य साथियों के साथ झिंझाना स्थित पीएनबी बैंक के पीछे किसान अक्षित को मारने के इरादे से पहुंचा था। उस दौरान बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी। हालांकि, मोहल्ले के लोगों को आता देख बदमाश मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। इससे पहले, इस फायरिंग मामले में पुलिस एक आरोपी को पहले ही जेल भेज चुकी है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ एसपी शामली श्याम सिंह भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
Also Read: ‘अगर कहीं दबा-कुचला सच मिल जाए तो…’, महाकुंभ सफाई को लेकर CM योगी पर अखिलेश यादव का तंज

