तेज रफ्तार का कहर! लखनऊ में डिवाइडर पर सो रहे चार लोगों को टाटा सूमो ने रौंदा, दो की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ में तेज रफ्तार वाहनों के कारण सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हसनगंज थाना क्षेत्र में हुआ, जहां मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि एक तेज रफ्तार टाटा सूमो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां सो रहे चार लोगों को कुचल दिया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

बता दें कि यह हादसा नदवा कॉलेज मार्ग पर मंगलवार रात करीब 1:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार से आ रही टाटा सूमो का अचानक टायर फट गया। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। वहां सो रहे चार लोग गाड़ी की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हसनगंज थाना प्रभारी डीके सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही, टाटा सूमो के नंबर के आधार पर वाहन चालक की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, लेकिन जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।   तो वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और टायर फटना था। वहीं, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना के समय चालक नशे में था या नहीं।  पुलिस के अनुसार, अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ने वाले दो लोगों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Also Read: UP PCS Transfer: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 41 पीसीएस अधिकारियों के तबादले

Get real time updates directly on you device, subscribe now.