रील बनाने का शौक पड़ा भारी, पोल से टकराकर पेड़ में घुसी कार, कन्नौज में 2 दोस्तों की मौके पर मौत

Kannauj Car Accident: कन्नौज में तेज रफ्तार कार में रील बनाने का शौक चार दोस्तों पर भारी पड़ गया। कन्नौज-तिर्वा मार्ग पर कार अचानक अनियंत्रित हुई और पहले बिजली के पोल से टकराई। इसके बाद कार सड़क किनारे लगे पेड़ में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक अंदर फंस गए।

हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने कटर की मदद से क्षतिग्रस्त कार को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकाला।

कार में फंस गए थे युवक

हादसा (Kannauj Car Accident) सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखाना मोहल्ले के रहने वाले युवकों के साथ हुआ। बताया गया कि चारों युवक कार से कन्नौज से तिर्वा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराई और फिर पेड़ में जा घुसी।

दुर्घटना में शेखाना निवासी 16 वर्षीय अमान खान और 18 वर्षीय अली खान की मौत हो गई। दोनों के शव कार में बुरी तरह फंस गए थे। पुलिस के पहुंचने के बाद रेस्क्यू टीम ने कटर से कार का हिस्सा काटकर शवों को बाहर निकाला। रेस्क्यू का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टीम को क्षतिग्रस्त कार से शव निकालते देखा जा सकता है।

दो घायल, पुलिस कर रही जांच

हादसे (Kannauj Car Accident) में घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिए हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस (Kannauj Police) हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में कार की तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। घटना ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल से रील बनाने जैसे जोखिम भरे व्यवहार पर फिर सवाल खड़े किए हैं।

Also Read: Agra News: ड्यूटी से गायब सिपाहियों ने की दरोगा से बदसलूकी, डीसीपी ने दोनों को किया सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.