यूपी एसटीएफ ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले को आगरा से दबोचा

Agra News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) की आगरा फील्ड इकाई को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को आगरा के थाना छत्ता क्षेत्र अंतर्गत हाथीघाट से गिरफ्तार किया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान राधे मीना निवासी- बढौली, बजीपुर, तहसील गंगापुर सिटी, जिला सवाई माधौपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। एसटीएफ टीम ने 17 सितंबर की रात लगभग 9:35 बजे उसे उस समय दबोचा, जब वह आगरा के दो निवासियों से बच्चों की नौकरी के नाम पर बची हुई 2 लाख रुपये की रकम वसूलने आया था।

एसटीएफ ने उसके पास से 7 सरकारी विभागों की जाली मुहरें, दो फर्जी नियुक्ति पत्र (भारतीय रेल), दो आवेदन पत्र (रेलवे भर्ती सेल), एक इंकपैड, 1 मोबाइल फोन, 1 आधार कार्ड, 1 एटीएम कार्ड और 1 चेक बरामद किया है।

एसटीएफ की पूछताछ में अभियुक्त राधे मीना ने बताया कि वह और उसका साथी बनै सिंह मिलकर फर्जी नियुक्ति पत्र व कूटरचित दस्तावेज तैयार करते थे। यह गिरोह उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित कई राज्यों के युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा देकर उनसे मोटी रकम ऐंठता था और आपस में बांट लेता था।

अभियुक्त का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह राजस्थान के सवाई माधौपुर (थाना उदेई मोड़ एवं थाना सूरवाड़) में ठगी व जालसाजी के मामलों में दर्ज मुकदमों के तहत पूर्व में भी जेल जा चुका है। ताजा मामले में एसटीएफ ने अभियुक्त को थाना छत्ता (कमिश्नरेट आगरा) में मु.अ.सं. 143/2026 के तहत धारा 318(4), 338, 339, 341(1), 342(1) बीएनएस (BNS) में दाखिल कराया है, जहाँ स्थानीय पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: संजू सैमसन ने रचा बड़ा रिकॉर्ड, 9000 टी20 रन पूरे करने वाले बने 5वें भारतीय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.