राघव चड्ढा का आप पर तंज, बोले- एक्स-गर्लफ्रेंड जैसी हालत, चिंता है मेरी याद में नस न काट लें
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब के गुरदासपुर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने चुटकी लेते हुए आप की तुलना एक एक्स-गर्लफ्रेंड से कर डाली। राघव चड्ढा शुक्रवार को गुरदासपुर में भाजपा द्वारा नशे के खिलाफ शुरू की जा रही जन-जागरण यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने पत्रकारों के सवालों के बेबाक जवाब दिए।
मेरे प्यार में पागल है AAP, आगे बढ़ चुका है बॉयफ्रेंड
पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा सांसद राघव चड्ढा ने कहा, आम आदमी पार्टी का हाल उस एक्स-गर्लफ्रेंड जैसा हो गया है, जिसका बॉयफ्रेंड उसे छोड़कर जिंदगी में आगे निकल गया है, लेकिन वो अब भी मेरे इश्क में पागल है। मुझे तो कभी-कभी उनकी चिंता होती है कि कहीं किसी दिन मेरी याद में वे अपने हाथ की नसें ही न काट लें। उनके इस बयान के बाद राज्य के राजनीतिक हलकों में बयानबाजी तेज हो गई है।
नितिन नवीन करेंगे नशा मुक्त पंजाब यात्रा का आगाज
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा राज्य भर में चार अलग-अलग यात्राएं निकालने जा रही है। पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष रविकरण सिंह काहलों ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह यात्रा राज्य के 10 जिलों के 35 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान भाजपा नेता नशे से पीड़ित परिवारों और युवाओं से संवाद करेंगे। काहलों ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य पंजाब से नशा, गैंगस्टर कल्चर और भ्रष्टाचार को मिटाकर डबल इंजन सरकार बनाना है।
एएसआई की हत्या पर पंजाब सरकार को घेरा
अमृतसर के गेट हकीमा इलाके में ड्यूटी पर तैनात एएसआई (ASI) हरजीत सिंह की गोली मारकर की गई हत्या पर गहरा दुख जताते हुए रविकरण सिंह काहलों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। दिनदहाड़े गोलीबारी हो रही है और खाकी पहनने वाले पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से असामाजिक तत्वों का सफाया करने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की।
Also Read: बांदा में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का आयोजन, 77 लाभार्थियों को बांटी गई टूलकिट

